अवैध संबंध बना खून की वजह, नेहा राज हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा
पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल चाकू, बाइक और मोबाइल किए जब्त
कोडरमा जिले के झुमरीतिलैया स्थित मिटको कॉलोनी भंडरवा में महिला नेहा राज की गला रेतकर हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि हत्या का कारण अवैध संबंध और बदले की भावना थी। पुलिस ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर रोहित राणा और उसकी पत्नी देवंती राणा को गिरफ्तार किया।
कोडरमा: जिले के झुमरीतिलैया से सटे मिटको कॉलोनी भंडरवा में महिला नेहा राज की हत्या अवैध संबंध के कारण हुई थी। एसपी कुमार शिवाशीष ने शनिवार को प्रेस वार्ता कर पूरे मामले की जानकारी दी।
एसपी कुमार ने बताया कि गुरुवार को नेहा राज के घर में गला रेतकर जघन्य हत्या की घटना घटी थी। घटना के संबंध में कोडरमा थाना कांड संख्या 92/26 दर्ज कर त्वरित अनुसंधान प्रारंभ किया गया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अनिल कुमार सिंह एवं पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) रतिभान सिंह के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा गहन अनुसंधान कर तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर कांड का उद्भेदन किया गया।

पुलिस ने घटना के समय पहने गए कपड़े, प्रयुक्त मोटरसाइकिल, हत्या में इस्तेमाल चाकू और दो मोबाइल भी जब्त किए हैं। इस हत्याकांड का खुलासा कॉलोनी में एक घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे से हुआ। जांच में सीसीटीवी फुटेज में एक महिला और एक पुरुष को नेहा राज के घर की ओर जाते और वहां से निकलते देखा गया।
इसके बाद पुलिस ने शंभू राणा से पूछताछ की। पूछताछ के दौरान मिले सुराग के आधार पर उसके रिश्तेदार रोहित राणा को हिरासत में लिया गया, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हो गया।
छापेमारी दल में पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी कोडरमा विकास कुमार, थाना प्रभारी तिलैया विनय कुमार, थाना प्रभारी चंदवारा शशिभूषण, महिला थाना प्रभारी हेमा कुमारी, पुअनि रोहित कुमार सिंह, सशस्त्र बल एवं पैंथर के जवान शामिल थे।
Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.
