Koderma News: ग्रिज़ली विद्यालय में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 पर विशेषज्ञ व्याख्यान का आयोजन
नई 5+3+3+4 विद्यालयी संरचना पर विस्तृत चर्चा
तिलैया डैम स्थित ग्रिज़ली विद्यालय में एनईपी-2020 पर आयोजित कार्यशाला में मुख्य वक्ता प्रो. (डॉ.) रवि कांत ने शिक्षकों को 5+3+3+4 संरचना और दक्षता-आधारित शिक्षण के गुर सिखाए। कार्यक्रम में ग्रिज़ली विद्यालय व ग्रिज़ली पब्लिक स्कूल के शिक्षकों ने सहभागिता कर नई शिक्षा नीति के क्रियान्वयन का संकल्प लिया।
कोडरमा: तिलैया डैम स्थित ग्रिज़ली विद्यालय द्वारा ग्रिज़ली विद्यालय एवं ग्रिज़ली पब्लिक स्कूल के शिक्षकों के लिए राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी)–2020 पर एक ज्ञानवर्धक विशेषज्ञ व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों को नई शिक्षा नीति के प्रमुख प्रावधानों, विद्यालयी शिक्षा में प्रस्तावित परिवर्तनकारी सुधारों तथा उनके प्रभावी क्रियान्वयन से अवगत कराना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय की प्राचार्या अंजना कुमारी के स्वागत संबोधन से हुआ। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रो. (डॉ.) रवि कांत, प्रोफेसर एवं अध्यक्ष, शिक्षक शिक्षा विभाग, केंद्रीय दक्षिण बिहार विश्वविद्यालय, गया तथा ग्रिज़ली कॉलेज ऑफ एजुकेशन (स्वायत्त) की अकादमिक परिषद के सदस्य रहे। इस अवसर पर विद्यालय के सीईओ प्रकाश गुप्ता ने उन्हें हरित स्वागत के प्रतीक स्वरूप पौधा भेंट कर स्वागत किया, जबकि सीओओ तनीष्क सेठ ने स्मृति-चिह्न प्रदान कर उन्हें सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने पाठ्यचर्या सुधार, मूल्यांकन प्रणाली, समावेशी शिक्षा, नवाचारी शिक्षण विधियों तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति–2020 के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े विभिन्न विषयों पर सक्रिय सहभागिता की। प्रश्नोत्तर सत्र में शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक अपनी जिज्ञासाएँ प्रस्तुत कीं, जिनका विशेषज्ञ ने व्यावहारिक एवं प्रभावी समाधान देकर उनकी शंकाओं का समाधान किया।
इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक अविनाश सेठ, सीईओ प्रकाश गुप्ता, सीओओ तनीष्क सेठ, प्राचार्या अंजना कुमारी, ग्रिज़ली कॉलेज ऑफ एजुकेशन के प्राचार्य डॉ. मोहित तिवारी, ग्रिज़ली पब्लिक स्कूल की प्राचार्या नीरजा तथा उप-प्राचार्या वंदना नारायण सहित दोनों विद्यालयों के शिक्षकगण उपस्थित रहे। सभी ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति–2020 के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण, नवाचारपूर्ण एवं विद्यार्थी-केंद्रित शिक्षा व्यवस्था को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम का प्रभावी मंच संचालन मनीषा चंद्रा ने किया, जबकि फारिया सबा ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। अंत में विद्यालय प्रबंधन ने प्रो. (डॉ.) रवि कांत के प्रेरणादायी एवं ज्ञानवर्धक व्याख्यान के लिए उनका आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि इस प्रकार के शैक्षणिक आयोजन शिक्षकों के व्यावसायिक विकास को नई दिशा प्रदान करने के साथ-साथ राष्ट्रीय शिक्षा नीति–2020 के प्रभावी क्रियान्वयन को भी सशक्त बनाएंगे।
Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.










