Politics News: विपक्ष का संसद परिसर में प्रदर्शन, प्रियंका बोलीं- भाजपा से ऊब चुकी जनता
कांग्रेस, सपा, राजद समेत कई विपक्षी दलों ने संसद परिसर में किया प्रदर्शन
संसद के मानसून सत्र के दौरान कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, राजद और अन्य विपक्षी दलों के सांसदों ने राम मंदिर चढ़ावे में कथित गड़बड़ी के मुद्दे पर संसद परिसर में प्रदर्शन किया। विपक्ष ने केंद्र सरकार और भाजपा से जवाबदेही की मांग करते हुए पोस्टर और नारेबाजी की। प्रदर्शन में प्रियंका गांधी वाड्रा, मनोज झा, रामगोपाल यादव समेत कई नेता शामिल हुए।
नई दिल्ली: संसद के मानसून सत्र के दौरान मंगलवार को कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, राजद और अन्य विपक्षी दलों के सांसदों ने संसद भवन परिसर में राम मंदिर चढ़ावे में गड़बड़ी के मुद्दे पर प्रदर्शन किया। विपक्षी सांसदों ने केंद्र सरकार और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जवाबदेही की मांग की।
संसद भवन परिसर में हुए प्रदर्शन में कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा, समाजवादी पार्टी के नेता रामगोपाल यादव, धर्मेंद्र यादव, अवधेश प्रसाद, राजद सांसद मनोज झा, संजय यादव, कांग्रेस नेता सैयद नासिर हुसैन, कर्मवीर बौद्ध सहित कई विपक्षी सांसद शामिल हुए।
प्रदर्शन के दौरान राजद सांसद मनोज झा ने एक पोस्टर हाथ में ले रखा था, जिस पर लिखा था, "भाजपा ने किया राम का अपमान, दान चोरी पर कब दोगे बयान।" कई सांसदों ने "चंदा चोर गद्दी छोड़" लिखे पोस्टर भी प्रदर्शित किए। कांग्रेस सांसदों ने एक बड़ा पोस्टर हाथ में लेकर सवाल किया, "अमित शाह संसद से गायब क्यों?"
विपक्षी सांसदों ने संसद परिसर में प्रतीकात्मक रूप से एक दानपात्र भी रखा, जिसमें कई सांसदों ने विरोध स्वरूप चंदा डाला। प्रदर्शन के दौरान "शेम-शेम" के नारे भी लगाए गए और सरकार से राम मंदिर चढ़ावे में कथित गड़बड़ी पर जवाब देने की मांग की गई।
इस बीच मध्यप्रदेश के दतिया और बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की हार पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि देश की जनता अब भारतीय जनता पार्टी से थक चुकी है और उपचुनाव के नतीजे इसकी शुरुआत हैं।
इससे पहले संसद भवन में इंडिया गठबंधन के फ्लोर लीडर्स की बैठक हुई। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश, रणदीप सिंह सुरजेवाला समेत गठबंधन के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। बैठक में संसद के भीतर विपक्ष की रणनीति और विभिन्न मुद्दों पर आगे की कार्रवाई को लेकर चर्चा की गई।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.









