Koderma News: ग्रिज़ली विद्यालय में श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाई गई गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर जयंती
गुरुदेव के आदर्शों से विद्यार्थियों को परिचित कराने का प्रयास
ग्रिज़ली विद्यालय, कोडरमा में गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई, जहाँ विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों और भाषणों के जरिए उनके योगदान को याद किया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन ने टैगोर के शैक्षिक और मानवीय आदर्शों को जीवन में उतारने का संदेश दिया।
कोडरमा: तिलैया डैम स्थित ग्रिज़ली विद्यालय में राष्ट्रगान ‘जन-गण-मन’ के रचयिता, नोबेल पुरस्कार से सम्मानित महान कवि, साहित्यकार एवं दार्शनिक गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुरुदेव टैगोर के आदर्शों, साहित्यिक योगदान एवं मानवीय मूल्यों से परिचित कराना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यार्थियों द्वारा विद्यालय के सीईओ प्रकाश गुप्ता, प्राचार्या अंजना कुमारी एवं संयोजक बी.डी. नस्कर की उपस्थिति में गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर गुरुदेव टैगोर के प्रेरणादायी विचारों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गूंज उठा।

इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। छात्रा सान्वी एवं समूह ने प्रेरणादायक स्किट प्रस्तुत कर सभी की सराहना प्राप्त की। छात्रा आराध्या ने हिंदी तथा प्रिया पचेरिया ने अंग्रेज़ी में प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किया। वहीं छात्रा रिद्धि एवं छात्र अमव ने रवींद्रनाथ टैगोर के जीवन एवं साहित्यिक योगदान पर प्रभावशाली पीपीटी प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के दौरान छात्रा लक्ष्मी शर्मा द्वारा आयोजित क्विज प्रतियोगिता विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं रोचक रही।
कार्यक्रम के सफल संचालन में कार्यक्रम प्रभारी सौरव केशरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। शिक्षक अखिलेश पाण्डेय एवं अमरेश कुमार का योगदान भी सराहनीय रहा। इस अवसर पर अखिलेश पाण्डेय, अमरेश कुमार सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारी उपस्थित थे। संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन छात्र आयुष सिन्हा द्वारा प्रस्तुत किया गया। यह आयोजन विद्यार्थियों को गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर के आदर्शों एवं मानवीय मूल्यों से प्रेरित करने में सफल रहा।
