खूंटी में बड़ा हादसा, 11 हजार वोल्ट तार की चपेट में आए 7 स्कूली छात्र
दो छात्रों को गंभीर हालत में सदर अस्पताल रेफर
झारखंड के खूंटी जिले के तोरपा थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में सात स्कूली छात्र 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन की चपेट में आकर झुलस गए। बताया जा रहा है कि लंच ब्रेक के दौरान छात्र मौसीबाड़ी के पास खड़े रथ को घुमा रहे थे, तभी उसका ऊपरी हिस्सा हाईटेंशन तार से संपर्क में आ गया।
खूंटी: झारखंड के खूंटी जिले के तोरपा थाना क्षेत्र स्थित कोटेगसेरा मौसीबाड़ी के पास सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में सात स्कूली छात्र बिजली के करंट की चपेट में आकर घायल हो गए। इनमें दो छात्रों की हालत अत्यंत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायल श्री हरि प्लस टू स्कूल के विद्यार्थी हैं।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल तोरपा रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के दौरान चंदन कुमार और तारकेश्वर महतो की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, खूंटी रेफर कर दिया। अन्य घायलों में अरमान आलम (16 वर्ष, तोरपा), सूजय लुहरा (17 वर्ष, सैयसेरा), नीलय एक्का (तोरपा), पंजक राम (16 वर्ष) और रुपेश कुमार शामिल हैं। इनका इलाज रेफरल अस्पताल में जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोपहर में स्कूल में लंच ब्रेक चल रहा था। इसी दौरान कुछ छात्र स्कूल से कुछ दूरी पर स्थित मौसीबाड़ी के पास खड़े रथ को घुमाने लगे। बताया जा रहा है कि रथ का ऊपरी हिस्सा वहां से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया। इसके बाद तेज करंट फैल गया और रथ के पास मौजूद सातों छात्र उसकी चपेट में आ गए।
घटना की सूचना मिलते ही रेफरल अस्पताल में स्थानीय लोगों और परिजनों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। घायल बच्चों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था और अस्पताल परिसर का माहौल गमगीन हो गया।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। प्रारंभिक जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि छात्र लंच ब्रेक के दौरान स्वयं मौसीबाड़ी तक पहुंचे थे या उन्हें रथ को धक्का देने अथवा घुमाने के लिए किसी ने वहां बुलाया था। घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
Susmita Rani is a journalist and content writer associated with Samridh Jharkhand. She regularly writes and reports on grassroots news from Jharkhand, covering social issues, agriculture, administration, public concerns, and daily horoscopes. Her writing focuses on factual accuracy, clarity, and public interest.


