Hazaribagh News: गांधी मैदान को पटना की तर्ज पर विकसित करने की उठी मांग, स्वच्छता समिति ने सौंपी पांच सूत्री मांगें
मटवारी में स्वच्छता समिति की बैठक में उमड़ा जन-आक्रोश
हजारीबाग के मटवारी मैदान में स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें गांधी मैदान के जीर्णोद्धार और सुरक्षा को लेकर गंभीर चर्चा की गई। समिति ने महापौर को मांग पत्र सौंपकर मैदान से खतरनाक लोहे के कचरे हटाने, जलजमाव की समस्या दूर करने और इसे पटना के गांधी मैदान की तर्ज पर अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस करने की मांग की है।
हजारीबाग: रविवार को स्वच्छता समिति की ओर से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में गांधी मैदान की बदहाल स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था और समुचित विकास को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान समिति के सदस्यों के साथ विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में अरविन्द कुमार राणा पहुंचे, जहां स्वच्छता समिति की ओर से उन्हें पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। बैठक में वार्ड 12 के पार्षद प्रतिनिधि रामू सिंह, वार्ड 6 के पार्षद प्रतिनिधि रिंकू वर्मा, वार्ड 7 के पार्षद प्रतिनिधि मनु गोस्वामी तथा वार्ड पार्षद रीता कुमारी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

बैठक में यह मुद्दा भी जोर-शोर से उठा कि बिना उचित जांच-पड़ताल के मैदान में पाथवे का निर्माण कर दिया गया, जिसके कारण हल्की बारिश में भी वहां पानी जमा हो जाता है। लोगों ने पाथवे की कम चौड़ाई पर भी नाराजगी जताते हुए इसे आम नागरिकों के लिए असुविधाजनक बताया।
समिति की ओर से गांधी मैदान में पर्याप्त लाइट लगाने, सुरक्षा के लिए गार्ड की नियुक्ति करने तथा युवाओं के लिए ओपन जिम स्थापित करने की मांग भी रखी गई। उपस्थित लोगों ने कहा कि गांधी मैदान को पटना के गांधी मैदान की तर्ज पर विकसित किया जाना चाहिए, ताकि यह शहर का एक बेहतर सार्वजनिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक केंद्र बन सके। बैठक में प्रवीण कुमार सिंह, महेंद्र यादव, प्रदीप प्रसाद, शैलेंद्र गुप्ता सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
