Bokaro News: अवैध खनन पर 'जीरो टॉलरेंस': डीसी अजय नाथ झा ने टास्क फोर्स को दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
वन, पुलिस और प्रशासन मिलकर करेंगे संवेदनशील इलाकों में छापेमारी
बोकारो समाहरणालय में उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक संपन्न हुई। उपायुक्त ने अवैध बालू खनन और परिवहन पर पूर्णतः रोक लगाने के लिए पुलिस, वन और परिवहन विभाग को संयुक्त छापेमारी करने का निर्देश दिया। साथ ही, जिले के दो स्वीकृत बालू घाटों को शीघ्र संचालित करने की प्रक्रिया तेज करने को कहा।
बोकारो: समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में उपायुक्त अजय नाथ झा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक हुई। बैठक में जिले में संचालित खनन गतिविधियों, अवैध बालू खनन एवं परिवहन की रोकथाम, वैध बालू घाटों के संचालन, खनिज संपदाओं की सुरक्षा तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय को लेकर विस्तृत समीक्षा की।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जिले में अवैध बालू खनन एवं खनिजों के अवैध परिवहन पर जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अवैध खनन से राजस्व की क्षति होने के साथ-साथ पर्यावरणीय संतुलन भी प्रभावित होता है, इसलिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ अभियान चलाकर कार्रवाई करें।बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिला खनन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि वन विभाग द्वारा अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध की गई कार्रवाई का प्रतिवेदन नियमित रूप से प्राप्त करें।

उन्होंने बताया कि 18 दिसंबर 2025 से 13 मार्च 2026 तक चलाए गए विशेष अभियान के दौरान बालू, पत्थर एवं कोयला से संबंधित कुल 301.825 खनिज जब्त किए गए हैं। इस दौरान अवैध खनिज परिवहन एवं खनन में संलिप्त 46 वाहनों को जब्त किया गया, जबकि 12 प्राथमिकी दर्ज की गई। साथ ही विभिन्न मामलों में कुल 2.45 लाख रुपये की जुर्माना राशि वसूली गई।
बैठक में अपर समाहर्ता मो. मुमताज अंसारी, चास अनुमंडल पदाधिकारी प्रांजल ढांडा, अनुमंडल पदाधिकारी बेरमो मुकेश मछुआ, एसडीपीओ सिटी आलोक रंजन, जिला परिवहन पदाधिकारी मारूति मिंज, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सिंह सहित सभी प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी आदि उपस्थित थे।
