Sahebganj News: कन्या उच्च विद्यालय में मना राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस, चैटबॉट और अंतरिक्ष विज्ञान पर दी गई जानकारी
1998 के पोखरण परमाणु परीक्षणों की याद में मना तकनीकी दिवस
साहिबगंज के उत्क्रमित नगरपालिका कन्या उच्च विद्यालय में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस के अवसर पर 'मेरा युवा भारत' द्वारा विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान छात्राओं को 1998 के पोखरण परमाणु परीक्षणों के ऐतिहासिक महत्व के साथ-साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और भविष्य की डिजिटल तकनीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
साहिबगंज: युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में सोमवार को उत्क्रमित नगरपालिका कन्या उच्च विद्यालय, साहिबगंज में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का संचालन मेरा युवा भारत के सदस्य चंदन कुमार और कौशर अंसारी ने किया। इस अवसर पर प्रभारी प्राचार्य प्रदीप कुमार मोदी ने कहा कि भारत में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस हर साल 11 मई को 1998 के पोखरण परमाणु परीक्षणों ‘ऑपरेशन शक्ति’ की याद में मनाया जाता है। यह दिन भारत की वैज्ञानिक और तकनीकी उपलब्धियों को समर्पित है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष यह दिवस जिम्मेदार नवाचार, एआई, अंतरिक्ष विज्ञान और डिजिटल उपकरणों के माध्यम से समावेशी विकास पर केंद्रित है।
विज्ञान शिक्षक अनिकेत कुमार ने छात्राओं को बताया कि AI का फुल फॉर्म आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस है, जिसे हिंदी में कृत्रिम बुद्धिमत्ता कहते हैं। यह कंप्यूटर साइंस की वह शाखा है जो मशीनों को इंसानों की तरह सोचने, सीखने, समस्या सुलझाने और निर्णय लेने में सक्षम बनाती है। AI डेटा का विश्लेषण कर पैटर्न पहचानती है और अपने अनुभवों से लगातार बेहतर होती है। इसका उद्देश्य रोबोटिक्स, स्पीच रिकॉग्निशन और रचनात्मक कार्यों में मानव बुद्धिमत्ता का अनुकरण करना है।

