Hazaribagh News: उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में पर्यटन एवं खेल विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित
झील और धार्मिक स्थलों पर छाया, पेयजल और स्वच्छता अनिवार्य
उपायुक्त हेमंत सती ने पर्यटन एवं खेल विभाग की समीक्षा बैठक में हजारीबाग को पर्यटन हब बनाने और खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए कई बड़े निर्णय लिए। बरकट्ठा के सूरजकुंड को 'नो बोरिंग जोन' घोषित करने के साथ-साथ हजारीबाग झील में फ्लोटिंग रेस्टोरेंट शुरू करने और जिले में एक मल्टीपरपज इंडोर स्पोर्ट्स सेंटर बनाने का प्रस्ताव पारित किया गया।
हजारीबाग: उपायुक्त हेमन्त सती की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभागार में पर्यटन एवं खेल विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में नवसृजित एवं संचालित आवासीय एवं डे-बोर्डिंग प्रशिक्षण केंद्रों की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने आवासीय फुटबॉल प्रशिक्षण में राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर के खिलाड़ियों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने प्रशिक्षुओं की संख्या, तीरंदाजी प्रशिक्षण की गुणवत्ता, हॉकी (बालक एवं बालिका) डे-बोर्डिंग की स्थिति, खेलो इंडिया योजना, आवासीय बालिका एथलेटिक्स प्रशिक्षण एवं बैडमिंटन खेल के विकास की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक सुधार हेतु सुझाव मांगे।
उपायुक्त ने सभी खेल मैदानों में बेहतर बुनियादी सुविधाएं जैसे शौचालय, प्रकाश व्यवस्था आदि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने स्विमिंग, टेबल टेनिस, ताइक्वांडो एवं वॉलीबॉल जैसे खेलों के विकास हेतु प्रस्ताव उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि इन खेलों को भी जिले में प्रोत्साहित किया जा सके। बैठक में बहुउद्देशीय खेल केंद्र (मल्टीपरपज इंडोर स्पोर्ट्स सेंटर) के निर्माण का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया, जिसमें विभिन्न प्रकार के इंडोर खेलों की सुविधा उपलब्ध होगी। उपायुक्त ने जिला खेल पदाधिकारी को इस आशय का प्रस्ताव खेल, पर्यटन, कला-संस्कृति विभाग को भेजने का निर्देश दिया।

इसके अतिरिक्त, झील में संचालित फ्लोटिंग रेस्टोरेंट के अधिष्ठापन हेतु निर्णय लेते हुए उसकी निविदा प्रक्रिया का प्रारूप तैयार करने का निर्देश दिया गया। साथ ही बरकट्ठा प्रखंड स्थित सूरजकुंड के 2 किलोमीटर क्षेत्र को “नो बोरिंग जोन” घोषित करने का भी आदेश दिया गया,साथ ही उक्त क्षेत्र में पानी की सप्लाई हेतु चेक डैम निर्माण का निर्णय लिया गया।बैठक में संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।
