Hazaribagh News: खेल सुविधाओं के कायाकल्प की तैयारी, ओलंपिक संघ ने उपायुक्त से की मुलाकात
संसाधनों के अभाव को दूर कर खिलाड़ियों को मिलेगा बेहतर मंच
हजारीबाग ओलंपिक संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष हर्ष अजमेरा के नेतृत्व में उपायुक्त हेमंत सती से मुलाकात की। बैठक में जिले के खेल परिसरों जैसे तैराकी तालाब, बास्केटबॉल कोर्ट और एथलेटिक्स ट्रैक की वर्तमान स्थिति पर चर्चा की गई। उपायुक्त ने संघ को आश्वासन दिया कि खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन जल्द ठोस कदम उठाएगा।
हजारीबाग: जिले में खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में ओलंपिक संघ लगातार सक्रिय भूमिका निभा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को हजारीबाग ओलंपिक संघ के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त हेमंत सती से उनके कार्यालय कक्ष में शिष्टाचार मुलाकात कर जिले में खेलों के विकास तथा खेल परिसरों की स्थिति को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की प्रतिनिधिमंडल में संघ के अध्यक्ष हर्ष अजमेरा, सचिव सीके दास, उपाध्यक्ष भैया मुरारी सिन्हा सहित संघ से जुड़े कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। बैठक के दौरान जिले में खेल गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने, खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण एवं संसाधन उपलब्ध कराने तथा खेल आधारभूत संरचनाओं को मजबूत करने को लेकर कई महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
मुलाकात के दौरान तैराकी तालाब, टेबल टेनिस हॉल, एथलेटिक्स ट्रैक, बास्केटबॉल कोर्ट सहित अन्य खेल संसाधनों की वर्तमान स्थिति एवं उनके रखरखाव पर विशेष चर्चा हुई।प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त को अवगत कराया कि हजारीबाग जिले के बच्चे शिक्षा के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में भी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। कई खिलाड़ी जिला एवं राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं, लेकिन पर्याप्त सुविधाओं और संसाधनों के अभाव में खिलाड़ियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। संघ के अध्यक्ष हर्ष अजमेरा ने कहा कि जिले में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कोई कमी नहीं है।

बैठक के दौरान जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने, युवाओं को खेलों से जोड़ने तथा भविष्य में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन को लेकर भी सकारात्मक चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि प्रशासन एवं ओलंपिक संघ के संयुक्त प्रयासों से आने वाले दिनों में हजारीबाग खेल के क्षेत्र में नई पहचान स्थापित करेगा।
