Hazaribagh News: उपायुक्त हेमंत सती ने किया रुक्मणी जिला पुस्तकालय का औचक निरीक्षण
प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकें होंगी उपलब्ध
हजारीबाग उपायुक्त हेमंत सती ने रुक्मणी जिला पुस्तकालय का निरीक्षण कर छात्रों की समस्याएं सुनीं और हाई स्पीड इंटरनेट, प्रतियोगी पुस्तकें व मूलभूत सुविधाएं जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वयं कुर्सियों की मजबूती जांचते हुए जिले में दो नए बड़े पुस्तकालयों के निर्माण की जानकारी दी।
हजारीबाग: उपायुक्त हेमन्त सती ने आज 21 अगस्त को हजारीबाग स्थित रुक्मणी जिला पुस्तकालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुस्तकालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी अध्ययन संबंधी आवश्यकताओं एवं पुस्तकालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
विद्यार्थियों ने उपायुक्त के समक्ष हाई स्पीड इंटरनेट कनेक्शन की सुविधा उपलब्ध कराने तथा प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी के लिए आवश्यक पुस्तकों एवं अध्ययन सामग्री का समावेश करने का अनुरोध किया। विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता दर्पण, खोरठा भाषा की पुस्तकें, गणित की फॉर्मूला बुक, मासिक पत्रिकाएं, ब्रह्मास्त्र सहित प्रतियोगिता परीक्षाओं से संबंधित अन्य उपयोगी पुस्तकों को पुस्तकालय में उपलब्ध कराने की मांग रखी।
विद्यार्थियों द्वारा पुस्तकालय में उपलब्ध कुर्सियों के टूटने एवं उनकी मजबूती से संबंधित शिकायत भी उपायुक्त के संज्ञान में लाई गई। उपायुक्त ने स्वयं बैठने की कुर्सियों की मजबूती की जांच की तथा विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित एवं सुविधाजनक बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को बेहतर एवं अनुकूल पठन-पाठन का वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में से एक है। उन्होंने विशेष रूप से प्रतियोगिता परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं के लिए बेहतर अध्ययन व्यवस्था एवं आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि पुस्तकालय केवल पुस्तकों के अध्ययन का स्थान नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सपनों और भविष्य को आकार देने का महत्वपूर्ण केंद्र है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि पुस्तकालयों में विद्यार्थियों को आवश्यक पुस्तकें, डिजिटल सुविधाएं एवं बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराया जाए, जिससे वे प्रतियोगिता परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर जिले का नाम रोशन कर सकें।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.
Related Posts


Latest News








