Hazaribagh News: आयुष निदेशक शशि प्रकाश झा से मिले आयुष सीएचओ, सौंपा मांग पत्र
डॉ राजीव कुमार ने सीएचओ के जनस्वास्थ्य योगदान को सराहा
हजारीबाग में आयुष निदेशक शशि प्रकाश झा से आयुष सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों (AYUSH CHO) के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। बैठक में चिकित्सकों ने समय पर वेतन, स्वास्थ्य बीमा और पदनाम जैसी समस्याओं को रखा, जिसपर निदेशक ने शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया।
हजारीबाग: झारखंड में आयुष सेवाओं को मजबूत बनाने एवं आयुष सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों (AYUSH CHO) की समस्याओं के समाधान को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में झारखंड के निदेशक आयुष शशि प्रकाश झा से आयुष सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर अपनी विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को विस्तारपूर्वक रखा।
बैठक में राज्य आयुष परामर्शदात्री समिति के संयोजक डॉ राजीव कुमार ने झारखंड में कार्यरत आयुष CHO की मूलभूत समस्याओं को निदेशक आयुष के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि आयुष CHO ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में लगातार स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहे हैं तथा सीमित संसाधनों में भी जनस्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। ऐसे में उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान होना आवश्यक है।

झारखंड आयुष मेडिकल एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ आनन्द शाही ने भी आयुष CHO की विभिन्न कठिनाइयों एवं मांगों को निदेशक महोदय के समक्ष विस्तार से रखा। उन्होंने कहा कि कई वर्षों से कार्यरत आयुष CHO को समय पर वेतन भुगतान, रिनुअल प्रक्रिया, स्वास्थ्य बीमा, CHO CUM मेडिकल ऑफिसर का पदनाम, मैटरनिटी लीव, वेतन वृद्धि तथा नियुक्ति नियमावली में संशोधन जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
डॉ आनन्द शाही ने कहा कि आयुष CHO लगातार जनता के बीच रहकर स्वास्थ्य सेवाएं दे रहे हैं और सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसलिए उनके हितों की रक्षा करना एवं उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए।
बैठक में उपस्थित आयुष CHO ने भी अपनी समस्याओं को साझा करते हुए कहा कि वे पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य कर रहे हैं और उन्हें उम्मीद है कि विभाग द्वारा जल्द सकारात्मक निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने निदेशक आयुष द्वारा दिए गए आश्वासन पर संतोष व्यक्त किया।
इस दौरान वक्ताओं ने डॉ राजीव कुमार के योगदान की भी सराहना की। उपस्थित लोगों ने कहा कि डॉ राजीव कुमार लगातार आयुष के विकास के लिए कार्य करते आ रहे हैं तथा उनके द्वारा बनाई गई कई योजनाओं को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी ने लागू किया है। उनके प्रयासों से झारखंड में आयुष व्यवस्था को मजबूती मिली है। बैठक का समापन आपसी सहयोग एवं आयुष सेवाओं को और अधिक सशक्त बनाने के संकल्प के साथ हुआ। सभी आयुष के प्रतिनिधियों ने विश्वास जताया कि सरकार एवं विभाग के सहयोग से आयुष चिकित्सा व्यवस्था को राज्य के हर गांव तक पहुंचाया जाएगा।
इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रदेश महासचिव डॉ जितेंद्र कुमार यादव, प्रदेश कोषाध्यक्ष डॉ राकेश रोशन, प्रदेश सचिव डॉ जोशी कुमार, हजारीबाग जिलाध्यक्ष डॉ विजय तिवारी, हजारीबाग कोषाध्यक्ष डॉ राजेश मिश्रा, डॉ प्रभात कुमार, डॉ देव कुमार तथा लोहरदगा जिलाध्यक्ष डॉ रविकांत कुमार सहित कई आयुष सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.
