विष्णुगढ़ दुष्कर्म मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग से आजसू पार्टी ने की शिकायत
25 मार्च की घटना ने पूरे जिले को हिला दिया
हजारीबाग के विष्णुगढ़ कुसुंभा गांव में 12 वर्षीय बच्ची के साथ हुए जघन्य दुष्कर्म और हत्या के मामले में आजसू पार्टी ने राष्ट्रीय महिला आयोग से शिकायत की है। पार्टी महासचिव संजय मेहता ने आयोग को आवेदन भेजा, जिसे स्वीकार कर लिया गया।
हजारीबाग: के विष्णुगढ़ के कुसुंभा गांव में 12 वर्षीया बच्ची के साथ जघन्य दुष्कर्म एवं हत्या के मामले में आजसू पार्टी ने राष्ट्रीय महिला आयोग से शिकायत की है। 25 मार्च को हुई इस बर्बर घटना ने सबको दहला दिया था। पार्टी के महासचिव संजय मेहता ने राष्ट्रीय महिला आयोग को आवेदन भेजकर शिकायत की है। आवेदन को राष्ट्रीय महिला आयोग ने पत्र संख्या 2014111772158 के तहत स्वीकार कर लिया है। आयोग ने इस प्रकरण में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की जिम्मेवारी अवर सचिव शिवानी तोमर को सौंपी है।
आजसू पार्टी ने इस जघन्य अपराध को फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाए जाने की मांग की है ताकि दोषियों को शीघ्रतम समय में कड़ी से कड़ी सजा मिल सके। संजय मेहता ने कहा है कि महिलाओं और बालिकाओं के खिलाफ होने वाले ऐसे जघन्य अपराधों में किसी भी प्रकार की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जा सकती।

संजय मेहता ने बताया की यह घटना बहुत ही बर्बर है। आरोपी की त्वरित गिरफ्तारी के साथ परिवार को न्याय दिलाने के पार्टी प्रयासरत है। राज्य में गिरती कानून व्यवस्था पर पुलिस प्रशासन को सोचने की जरूरत है। सरकार कानून व्यवस्था संभालने में फेल हो गयी है।
