सरिया में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही, हाईटेंशन तार गिरते ही बैल जिंदा जला, मुआवजे की मांग तेज
किसान राजेंद्र यादव की आजीविका पर पड़ा बड़ा असर
सरिया प्रखंड के अमनारी पंचायत स्थित बिरहोर कॉलोनी में 11000 वोल्ट का हाईटेंशन तार टूटकर गिरने से किसान राजेंद्र यादव के बैल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति भारी आक्रोश है।
गिरिडीह: सरिया प्रखंड के अमनारी पंचायत अंतर्गत बिरहोर कॉलोनी में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां बिजली के हाई वोल्टेज तार की चपेट में आने से एक मवेशी (बैल) की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद से पीड़ित किसान परिवार गहरे सदमे में है और स्थानीय ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति भारी आक्रोश है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम भगनाटांड निवासी राजेंद्र यादव (पिता- स्वर्गीय चिंतामणि यादव) का बैल बिरहोर कॉलोनी के पास चर रहा था। इसी दौरान ऊपर से गुजर रहा 11000 वोल्ट का हाई टेंशन तार अचानक टूटकर बैल पर गिर गया। तार में करंट का प्रवाह इतना तेज था कि बैल को संभलने का मौका भी नहीं मिला और घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई। पीड़ित राजेंद्र यादव के लिए यह बैल उनकी आजीविका और खेती-बाड़ी का मुख्य सहारा था।

स्थानीय ग्रामीणों ने बिजली विभाग से मांग की है कि क्षेत्र में लटके और जर्जर हो चुके तारों को तुरंत बदला जाए, ताकि भविष्य में किसी इंसान या अन्य मवेशी की जान को खतरा न हो। साथ ही पीड़ित गरीब किसान को विभाग की ओर से अविलंब उचित मुआवजा राशि दी जाए।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.
