Dhanbad News: कतरास दौरे पर सीएमडी का बड़ा एक्शन, उत्पादन बढ़ाने और सुरक्षा सुधार के दिए सख्त निर्देश
स्थानीय लोगों से संवाद कर समस्याएं सुनीं, हरसंभव सहायता का दिया भरोसा
बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने कतरास क्षेत्र का व्यापक दौरा कर AKWMC और ASGKC परियोजनाओं में संचालित खनन कार्यों, उत्पादन, सुरक्षा और आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा की।
धनबाद: बाघमारा, बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल ने बुधवार को कतरास क्षेत्र का व्यापक दौरा कर विभिन्न खनन परियोजनाओं में संचालित परिचालन गतिविधियों, उत्पादन, सुरक्षा व्यवस्था एवं खदान विस्तार कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को उत्पादन बढ़ाने, सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने तथा लंबित कार्यों को तय समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीएमडी के साथ निदेशक (तकनीकी-परियोजना एवं योजना) राजीव कुमार सिन्हा, महाप्रबंधक (समन्वय), महाप्रबंधक (खनन), महाप्रबंधक (सुरक्षा), सीएमपीडीआईएल के वरिष्ठ अधिकारी, क्षेत्रीय महाप्रबंधक सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।


इसके बाद सीएमडी ने AKWMC के विभागीय पैच का निरीक्षण कर विभागीय संसाधनों के बेहतर उपयोग और उत्पादन क्षमता बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने मुख्यालय स्तर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन देते हुए खदान विस्तार से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने को कहा।
दौरे के अगले चरण में सीएमडी ने ASGKC (अमलगामेटेड सालनपुर-गजनीटांड़-कतरास-चौटीडीह) कोलियरी का निरीक्षण किया। यहां हाल ही में शुरू किए गए रेवेन्यू शेयरिंग ओपनकास्ट माइंस में प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों पर उन्होंने असंतोष जताते हुए सभी कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीएमडी ने स्थानीय ग्रामीणों से भी बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और बीसीसीएल के प्रावधानों के अनुरूप हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया।
दौरे के समापन पर क्षेत्रीय कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में उत्पादन, सुरक्षा, मानसून की तैयारियों, आधारभूत संरचना एवं परिचालन गतिविधियों की समीक्षा की गई। सीएमडी ने अधिकारियों को सुरक्षित खनन, उत्पादन क्षमता में वृद्धि तथा परिचालन दक्षता को और मजबूत बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
इस अवसर पर कतरास क्षेत्र के महाप्रबंधक बी.के. झा, परियोजना पदाधिकारी जयंत कुमार, इलियास अंसारी, सुनील कुमार महतो, आर.के. कंपनी के रवि अग्रवाल, वार्ड पार्षद निरुपमा देवी, सामाजिक कार्यकर्ता अनूप सिंह सहित कई अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
Susmita Rani is a journalist and content writer associated with Samridh Jharkhand. She regularly writes and reports on grassroots news from Jharkhand, covering social issues, agriculture, administration, public concerns, and daily horoscopes. Her writing focuses on factual accuracy, clarity, and public interest.


