Deoghar News: पथरौल पुलिस और उत्पाद विभाग की संयुक्त कार्रवाई में 300 किलो जावा महुआ नष्ट
शराब माफियाओं के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई
मधुपुर के पथरौल थाना क्षेत्र अंतर्गत हड़ंजा गांव में पुलिस और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने विशेष छापेमारी कर 300 किलो जावा महुआ और शराब बनाने की भट्ठी को नष्ट कर दिया है।
मधुपुर: पथरौल थाना क्षेत्र के ग्राम हड़ंजा में अवैध महुआ शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ पुलिस एवं उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की। गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए इस विशेष छापेमारी अभियान के दौरान भारी मात्रा में अवैध महुआ शराब बनाने के लिए तैयार लगभग 300 किलोग्राम जावा महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। साथ ही शराब निर्माण में प्रयुक्त अवैध भट्ठी को भी ध्वस्त कर दिया गया।छापेमारी के दौरान टीम ने जंगल एवं सुनसान क्षेत्रों में संचालित अवैध शराब निर्माण स्थलों की गहन तलाशी ली।
कार्रवाई के दौरान अवैध शराब तैयार करने में इस्तेमाल किए जा रहे उपकरणों और सामग्री को भी नष्ट किया गया, ताकि दोबारा इस तरह की गतिविधियों का संचालन न हो सके। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया गया। इस तरह के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों की पहचान की जा रही है और उनके विरुद्ध उत्पाद अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ आगे भी लगातार संयुक्त छापेमारी अभियान जारी रहेगा।

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.


