Bokaro News: कर्तव्य में लापरवाही पर कड़ा प्रहार: थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मी सस्पेंड
इलाजके बजाय घायल आरिफ अंसारी को हाजत में रखने का लगा गंभीर आरोप
घायल आरोपी को अस्पताल के बजाय हाजत में रखने के मामले में बोकारो SP ने चिराचास थाना प्रभारी सहित तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने और जांच रिपोर्ट में लापरवाही की पुष्टि के बाद यह सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है।
बोकारो: सोशल मीडिया पर चिराचास थाना से जुड़ा एक वीडियो वायरल होने के बाद बोकारो पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने बड़ी करवाई कि है। मारपीट में जख्मी आरोपी को अस्पताल ले जाने के बजाय हाजत में रखने के मामले में चीराचास थाना प्रभारी पुष्पराज, एसआई राजेश कुमार, एएसआई संजय कुमार मंडल को निलंबित कर दिया है। तीनों को सामान्य जीवन यापन भत्ता पर रखा गया है। पुलिस अधीक्षक ने चास अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को जांच कर प्रतिवेदन सौंपने का आदेश दिया है।
जांच रिपोर्ट में बताया गया है कि 4 मई की शाम करीब 7.30 बजे वीणा रिजेंसी के समीप हर्ष पाण्डेय और उसके सहयोगियों ने चिराचास थाना कांड संख्या 37/26 में प्राथमिकी अभियुक्त आरिफ अंसारी के साथ मारपीट की थी। सूचना मिलने पर पुलिस दल के पदाधिकारी एसआई राजेश कुमार,ओर एएसआई संजय कुमार मंडल घटनास्थल पर पहुंचे थे। जहां आरिफ अंसारी घायल अवस्था में मिला। जांच रिपोर्ट में कहा गया कि पुलिस पदाधिकारियों का दायित्व था कि घायल को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाना था लेकिन ऐसा नहीं कर घायल को हाजत में रखा गया।
