Bokaro News: एयरपोर्ट का रास्ता साफ: 15 मई तक अतिक्रमण हटाने का प्रशासन का अल्टीमेटम
शराब दुकान में बिजली चोरी का खुलासा, होगी सख्त कार्रवाई
बोकारो एयरपोर्ट से विमान सेवा शुरू करने के लिए प्रशासन ने 15 मई तक अतिक्रमण हटाने का लक्ष्य रखा है, जिसके तहत सेक्टर 12 में जेसीबी से अवैध निर्माण तोड़े जा रहे हैं। अभियान के दौरान एक शराब दुकान में बिजली चोरी का मामला सामने आया है और एक संभावित दुर्घटना को सतर्कता से टाल दिया गया।
बोकारो: एयरपोर्ट से जल्द उड़ान सेवा शुरू करने को लेकर प्रशासन ने अपनी कार्रवाई फिर से तेज कर दी है। एयरपोर्ट परिसर और उसके आसपास बने अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।इस दौरान जेसीबी मशीनों की मदद से झुग्गी-झोपड़ियों को हटाया जा रहा है, ताकि एयरपोर्ट संचालन में किसी प्रकार की बाधा न रहे। प्रशासन का लक्ष्य आगामी 15 मई तक सभी अतिक्रमण को हटाना है।
इसी कड़ी में बोकारो के सेक्टर 12 मोड़ के समीप अतिक्रमण हटाने के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कार्रवाई के दौरान एक कबाड़ी की दुकान में जलता हुआ बल्ब नजर आया, जिसके बाद तुरंत सतर्कता बरतते हुए जेसीबी को पीछे कर दिया गया। समय रहते स्थिति संभाल ली गई, जिससे संभावित दुर्घटना टल गई।


