Sahebganj News: जनता दरबार में उमड़ी लोगों की भीड़, कई समस्याओं का ऑन द स्पॉट समाधान
भूमि विवाद, राशन कार्ड और पेंशन से जुड़ी शिकायतें रहीं प्रमुख
बरहरवा प्रखंड मुख्यालय में प्रखंड 20 सूत्री अध्यक्ष अशोक कुमार दास द्वारा विशेष जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी समस्याओं के समाधान के लिए पहुंचे।
साहिबगंज : प्रखंड मुख्यालय में प्रखंड 20 सूत्री अध्यक्ष अशोक कुमार दास द्वारा एक विशेष जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में दूर-दराज के गांवों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। जनता दरबार का उद्देश्य आम नागरिकों की शिकायतों को सीधे सुनकर उनका त्वरित समाधान करना था। जनता दरबार में पहुंचे लोगों ने विभिन्न प्रकार की समस्याएं रखीं, जिनमें भूमि विवाद, राशन कार्ड, पेंशन, आवास योजना, सड़क निर्माण, बिजली आपूर्ति और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रहीं।
मौके पर अशोक कुमार दास ने एक-एक कर सभी फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और कई मामलों का समाधान मौके पर ही कर दिया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए और स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए। कई जटिल मामलों के लिए उन्होंने आश्वासन दिया कि वे स्वयं प्रखंड के अधिकारियों के साथ समन्वय कर जल्द से जल्द समाधान सुनिश्चित करेंगे।

