प्रधानमंत्री मोदी कल आंध्र प्रदेश व तमिलनाडु दौरे पर, प्राकृतिक खेती सम्मेलन का करेंगे उद्घाटन, स्मारक सिक्का और डाक टिकट करेंगे जारी
पीएम-किसान की 21वीं किस्त कल जारी—9 करोड़ किसानों के खातों में जाएँगे 18 हजार करोड़ रुपये
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 19 नवंबर को आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के दौरे पर जाएंगे। पुट्टापर्थी में सत्य साईं बाबा के शताब्दी उत्सव में शामिल होकर वे स्मारक सिक्का और डाक टिकट जारी करेंगे। कोयंबटूर में प्राकृतिक खेती सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे और पीएम-किसान की 21वीं किस्त जारी करेंगे।
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 19 नवंबर को आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु के दौरे पर जाएंगे। सुबह करीब 10 बजे वे आंध्र प्रदेश के पुट्टापर्थी स्थित भगवान श्री सत्य साईं बाबा के धाम और महासमाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद लगभग 10:30 बजे वह सत्य साईं बाबा के शताब्दी उत्सव में शामिल होंगे, जहां प्रधानमंत्री उनके जीवन और शिक्षाओं पर आधारित स्मारक सिक्का और डाक टिकटों का सेट जारी करेंगे। इस कार्यक्रम में वे सभा को भी संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, आंध्र प्रदेश के बाद प्रधानमंत्री कल दोपहर तमिलनाडु के कोयंबटूर पहुंचेंगे, जहां करीब 1:30 बजे ‘दक्षिण भारत प्राकृतिक खेती सम्मेलन’ का उद्घाटन करेंगे। इसी कार्यक्रम में प्रधानमंत्री देश के 9 करोड़ किसानों को समर्थन देने के लिए पीएम-किसान योजना की 21वीं किस्त जारी करेंगे, जिसकी राशि 18 हजार करोड़ रुपये से अधिक है।




