कोडरमा: मोदी सरकार महिला विरोधी: डिसूजा
On
कोडरमा: जिला महिला कांग्रेस कमेटी की बैठक में आज स्थानीय अशोका होटल में संपन्न हुई। इस बाबत मुख्य अतिथि नेट्टा डिसुजा ने कहा कि मोदी और झारखंड की रघुवर सरकार महिला विरोधी सरकार है। हाल के दिनों में सेविका सहायिका बहनों पर रघुवर सरकार ने लाठी डंडा चलाने का काम किया है। झूठ की बुनियाद पर खड़ी यह सरकार से महिलाएं अपने आप को सुरक्षित महसूस नहीं कर रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की मोदी सरकार नारा देती है बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ, जबकि इनके सांसद, विधायक, मंत्री द्वारा महिलाओं के साथ की जा रही शोषण अब आम बात हो गई है। श्रीमती डिसूजा ने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकार अब लड़ कर लेना होगा, इसलिए महिलाओं को जागरूक होने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि अगर सरकार को महिलाओं की इतनी फिक्र होती तो महिला आरक्षण बिल संसद में लेकर आती। इसी से ऐसी सरकार के चेहरे और चरित्र का पता चलता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से महिला सशक्तिकरण की बात करती आई है, तभी तो कई बार कांग्रेस ने महिला आरक्षण बिल लाने का प्रयास किया।
सिमडेगा महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष सीमा सीता एक्का व कोडरमा जिला महिला कांग्रेस की अध्यक्ष बेबी सिन्हा ने कहा कि रघुवर सरकार की नियत अब झारखंड की जनता जान चुकी है। अब समय आ गया है कि ऐसी सरकार को उखाड़ फेंका जाय। विधानसभा चुनाव में ऐसी सरकार को झारखंड की जनता और आधी आबादी मिलकर उखाड़ फेंकने का काम करेगी। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष बेबी सिन्हा ने की। इस बाबत विशिष्ट अतिथि सिमडेगा महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सीमा सीता एक्का, महिला कांग्रेस की प्रदेश सचिव लीलावती देवी, लीलावती मेहता, हेमलता देवी व कांग्रेस जिलाध्यक्ष मनोज सहाय पिंकू उपस्थित थे। संचालन अर्चना देवी ने किया।
गूगल न्यूज से जुड़ें... Follow करें
चैनल से जुड़ें 👉 Join Now
Edited By: Samridh Jharkhand
Tags:


