डिमना लेक में नहाने के दौरान युवक डूबा, घंटों चले रेस्क्यू के बाद भी नहीं मिला सुराग
नहाने के दौरान अचानक गहरे पानी में डूबा
पूर्वी सिंहभूम के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल डिमना लेक में शुक्रवार सुबह नहाने के दौरान एक युवक गहरे पानी में डूबकर लापता हो गया। युवक अपने दोस्तों के साथ सोनारी से घूमने आया था। सूचना मिलने पर बोड़ाम थाना पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने कई घंटे तक खोज अभियान चलाया, लेकिन युवक का कोई पता नहीं चल सका।
पूर्वी सिंहभूम: शहर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल डिमना लेक में शुक्रवार सुबह नहाने के दौरान एक युवक गहरे पानी में डूब गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर बोड़ाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई, लेकिन कई घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बावजूद उसका कोई पता नहीं चल सका।
स्थानीय लोगों के अनुसार युवक अपने कुछ दोस्तों के साथ सोनारी क्षेत्र से डिमना लेक घूमने और स्नान करने आया था। सुबह करीब छह बजे सभी युवक लेक में नहा रहे थे। इसी दौरान एक युवक अचानक गहरे पानी की ओर चला गया और देखते ही देखते पानी में डूबकर लापता हो गया। साथियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही बोड़ाम थाना प्रभारी नीरज कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई। करीब दो घंटे तक लगातार खोजबीन की गई, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं मिला।
घटना की जानकारी मिलने पर पटमदा के डीएसपी दयानंद कुमार भी डिमना लेक पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर रेस्क्यू अभियान की समीक्षा की और थाना प्रभारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। युवक की तलाश तेज करने के लिए शहर से विशेषज्ञ गोताखोरों की टीम भी बुलाई जा रही है, ताकि गहरे पानी में प्रभावी ढंग से खोज अभियान चलाया जा सके।
घटना के बाद डिमना लेक पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और पर्यटक जमा हो गए।
पुलिस लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने और रेस्क्यू अभियान में सहयोग करने की अपील कर रही है। समाचार लिखे जाने तक सुबह करीब नौ बजे तक युवक का कोई पता नहीं चल पाया था। पुलिस और गोताखोरों की टीम लगातार तलाश अभियान में जुटी हुई है।
Susmita Rani is a journalist and content writer associated with Samridh Jharkhand. She regularly writes and reports on grassroots news from Jharkhand, covering social issues, agriculture, administration, public concerns, and daily horoscopes. Her writing focuses on factual accuracy, clarity, and public interest.


