सेल के बोकारो इस्पात संयंत्र ने कार्बन उत्सर्जन की निगरानी के लिए लॉन्च किया अत्याधुनिक जीएचजी डैशबोर्ड
निदेशक प्रभारी ने डिजिटल पर्यावरण तकनीक को सराहा
सेल के बोकारो इस्पात संयंत्र ने उत्पादन इकाइयों से होने वाले कार्बन उत्सर्जन की वास्तविक समय में निगरानी और प्रभावी प्रबंधन के लिए सेंट्रा वर्ल्ड बेंगलुरु के सहयोग से अत्याधुनिक ग्रीनहाउस गैस (GHG) डैशबोर्ड लॉन्च किया है।
बोकारो: सतत इस्पात उत्पादन एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए सेल के बोकारो इस्पात संयंत्र ने 17 जुलाई को अत्याधुनिक ग्रीनहाउस गैस (जीएचजी) डैशबोर्ड का शुभारंभ किया। यह डिजिटल प्लेटफॉर्म संयंत्र के विभिन्न उत्पादन इकाइयों से होने वाले कार्बन उत्सर्जन की निगरानी, विश्लेषण एवं प्रभावी प्रबंधन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस डैशबोर्ड का शुभारंभ बोकारो इस्पात संयंत्र के निदेशक प्रभारी ने किया। इस अवसर पर सेल पर्यावरण प्रबंधन प्रभाग के अधिशासी निदेशक सहित बीएसएल के सभी अधिशासी निदेशक, अन्य वरीय अधिकारी तथा तकनीकी सहयोगी संस्था सेंट्रा वर्ल्ड, बेंगलुरु के प्रतिनिधि उपस्थित थे।प्रारंभ में मुख्य महाप्रबंधक (पर्यावरण संरक्षण एवं सतत विकास) ने बताया कि यह पहल बोकारो इस्पात संयंत्र की डी-कार्बोनाइजेशन यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।


इस अवसर पर निदेशक प्रभारी ने कहा कि डिजिटल तकनीकों का प्रभावी उपयोग बोकारो इस्पात संयंत्र की पर्यावरणीय उत्कृष्टता तथा डी-कार्बोनाइजेशन लक्ष्यों को प्राप्त करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने इस परियोजना को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी विभागों एवं टीमों की सराहना की।जीएचजी डैशबोर्ड का शुभारंभ बोकारो इस्पात संयंत्र की हरित एवं सतत इस्पात उत्पादन की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जो सेल की दीर्घकालिक सतत विकास रणनीति तथा भारत के जलवायु लक्ष्यों के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ करेगा।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.


