पहलगाम हमले की बरसी पर ‘आतंकिस्तान’ ने फिर उगला जहर, शहबाज शरीफ के मंत्री ने भारत से मांगे सबूत
पहलगाम हमले में 26 पर्यटकों की हुई थी हत्या
पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने 7 मई 2025 को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ शुरू किया था। इस सैन्य कार्रवाई के तहत पाकिस्तान और पीओके में मौजूद कई आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया, जिसे भारत की कड़ी जवाबी कार्रवाई के रूप में देखा गया।
नैशनल डेस्क: पहलगाम आतंकी हमले की बरसी पर पाकिस्तान ने एक बार फिर भारत के खिलाफ बयानबाजी तेज कर दी है। पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने दावा किया कि पहलगाम हमले को लेकर भारत अब तक पाकिस्तान के खिलाफ लगाए गए आरोपों के समर्थन में कोई ठोस सबूत पेश नहीं कर सका है। तरार ने कहा कि एक साल बीत जाने के बाद भी भारत न तो कोई प्रमाण दे पाया है और न ही कोई संतोषजनक स्पष्टीकरण दिया है। यह बयान ऐसे समय आया है जब 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 पर्यटकों की हत्या की गई थी।
तरार ने अपने बयान में यह भी कहा कि भारत ने पहलगाम घटना की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच के लिए पाकिस्तान के प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया, इसलिए यह सवाल उठता है कि क्या यह घटना किसी “फॉल्स फ्लैग ऑपरेशन” का हिस्सा हो सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना किसी जांच और बिना किसी उचित पूछताछ के पाकिस्तान पर दोष मढ़ दिया गया। पाकिस्तान की तरफ से यह वही पुराना तरीका दोहराया गया है, जिसमें हर गंभीर आरोप पर जवाब देने के बजाय उल्टा सवाल खड़े करने की कोशिश की जाती है।

