Ranchi News: बंगाल चुनाव प्रचार पर सियासी घमासान, राजद प्रवक्ता कैलाश यादव का भाजपा पर हमला
अनुराग ठाकुर और मनोज तिवारी के दौरे पर टिप्पणी
राजद के प्रदेश प्रवक्ता कैलाश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए कई गंभीर राजनीतिक आरोप लगाए। उन्होंने पश्चिम बंगाल चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा नेताओं की गतिविधियों पर टिप्पणी करते हुए राजनीतिक दोहरेपन का आरोप लगाया।
रांची: प्रदेश राजद प्रवक्ता कैलाश यादव ने भारतीय जनता पार्टी के चाल-चरित्र और चेहरे पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा को “भारत जलाओ पार्टी”, “बहुरूपिया जुटान पार्टी” और “बड़का झूठा पार्टी” जैसे नाम देना कोई गलत बात नहीं है।
उन्होंने कहा कि विदित है कि बंगाल चुनाव प्रचार के दौरान भाजपाई नेता केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर और दिल्ली के सांसद व भोजपुरी गायक मनोज तिवारी ने मंगलवार को, भगवान हनुमान जी के शुभ दिन पर मछली खाकर भरपूर स्वाद लिया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने देश की जनता से वादा किया था कि भाजपा की पूर्ण सरकार बनने पर गौ हत्या बंद कर दी जाएगी, लेकिन इसके उलट बीफ की बिक्री और विदेशों में सप्लाई और बढ़ गई है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की बंगाल में हालत पतली है और वहां Trinamool Congress (टीएमसी) की सरकार पुनः बनेगी। भाजपा देश-प्रदेश में नफरती राजनीति, हिंदू-मुस्लिम ध्रुवीकरण, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और फर्जी वादों के कारण जनता के बीच चौकन्ना हो चुकी है।
बंगाल के लोग शिक्षित हैं और वहां आज भी निम्न मध्यम परिवार 10 रुपये में भरपेट खाना खा लेते हैं। भाजपा का बंगाल में सरकार बनाने का सपना कभी पूरा नहीं होगा। उन्होंने देश के मुख्य चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए और इसे एक बड़ी समस्या बताया।
