झारखंड चुनाव 2019 : पहले चरण का प्रचार थमा, 13 सीटों पर ऐसा है मुकाबला


पहले चरण की 13 में 12 सीटों पर भाजपा ने प्रत्याशी दिया है, जबकि हुसैनाबाद में उसने निर्दलीय प्रत्याशी विनोद कुमार सिंह को समर्थन दिया है. भाजपा के पास इस वक्त पहले चरण की 13 में छह सीटें हैं. ये सीटें हैं: मनिका, विश्रामपुर, छतरपुर, चतरा, गुमला और गढवा. यह देखना होगा कि इस बार वह 13 में कितने नंबर लाती है. भाजपा की पुरानी साथी आजसू इन 13 में तीन सीटों पर लड़ रही है, जिसमें लोहरदगा, हुसैनाबाद एवं छतरपुर की सीट शामिल है. झाविमो सभी सीटों पर लड़ रहा है.
कांग्रेस महागठबंधन के तहत पहले चरण में छह सीटों पर लड़ रही है. उसे झामुमो एवं राजद का वोट ट्रांसफर कराना होगा, ताकि उसके उम्मीदवार जीतें. झामुमो पहले चरण में गुमला, लातेहार, गढवा एवं बिशुनपुर सीट पर लड़ रहा है. राजद पहले चरण में तीन सीटों पर मुकाबला कर रहा है.
कितने वोटर, कहां सबसे अधिक उम्मीदवार
पहले चरण में कुल 37, 83055 लाख वोटर 189 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला करेंगे. इन 37 लाख 83 हजार वोटरों में 19 लाख 81 हजार 694 पुरुष एवं 18 लाख 1356 महिला वोटर हैं. थर्ड जेंडर के कुल पांच वोटर हैं. पहले चरण में युवा मतदाता निर्णायक होंगे जिनकी संख्या एक चैथाई से भी अधिक है. युवा वोटरों की संख्या दस लाख पांच हजार 822 है.
पहले चरण में सबसे अधिक वोटर भवनाथपुर में हैं और प्रत्याशी भी यहीं अधिक हैं. यहां 37, 8004 वोटर्स 28 प्रत्याशियों के भाग्य का निर्णय करेंगे. इस चरण में सबसे कम वोटर्स गुमला में हैं. इस सीट पर 21, 9874 वोटर्स हैं और 12 प्रत्याशी. पहले चरण में सबसे कम नौ उम्मीदवार चतरा से मैदान में हैं.


