Sahebganj News: दिव्यांग क्रिकेट में चमका झारखंड, उधवा के शौकत अली इंडिया-ए टीम में शामिल
13 से 15 जून तक हरियाणा के यमुनानगर में होगा टूर्नामेंट।
साहिबगंज जिले के उधवा प्रखंड निवासी शौकत अली का चयन इंडिया-ए दिव्यांग क्रिकेट टीम में हुआ है। वह हरियाणा के यमुनानगर में 13 से 15 जून तक आयोजित होने वाले दिव्यांग टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगे।
साहिबगंज: साहिबगंज जिले के उधवा प्रखंड के लिए गर्व की खबर है। दिव्यांग क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय दिव्यांग टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए उधवा निवासी शौकत अली का चयन इंडिया-ए टीम में किया गया है। उनके चयन से पूरे जिले में खुशी और उत्साह का माहौल है।
यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 13 से 15 जून 2026 तक हरियाणा के यमुनानगर स्थित केसरी क्रिकेट अकादमी ग्राउंड में आयोजित होगा। प्रतियोगिता में इंडिया-ए और इंडिया-बी टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे। शौकत अली टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए हरियाणा रवाना हो चुके हैं।


गौरतलब है कि झारखंड से कुल चार खिलाड़ियों का चयन इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है। निशांत कुमार उपाध्याय, नीरज कुमार और शौकत अली को इंडिया-ए टीम में जगह मिली है, जबकि वागीश त्रिपाठी इंडिया-बी टीम का हिस्सा होंगे। गुरुवार को सभी खिलाड़ी रांची से यमुनानगर के लिए रवाना हुए।
शौकत अली का राष्ट्रीय स्तर पर चयन न केवल उधवा और साहिबगंज बल्कि पूरे झारखंड के लिए गौरव का विषय बन गया है। अब जिले के खेल प्रेमियों की निगाहें टूर्नामेंट पर टिकी हैं, जहां शौकत अपने प्रदर्शन से राज्य का नाम रोशन करने का प्रयास करेंगे।
Susmita Rani is a journalist and content writer associated with Samridh Jharkhand. She regularly writes and reports on grassroots news from Jharkhand, covering social issues, agriculture, administration, public concerns, and daily horoscopes. Her writing focuses on factual accuracy, clarity, and public interest.


