Sahebganj News: रेलवे की बड़ी कार्रवाई, ऐतिहासिक 'लाल कोठी' की जमीन पर कब्जा जमाने वालों को नोटिस
7 अतिक्रमणकारियों को मौके पर थमाया सार्वजनिक नोटिस
पूर्व रेलवे के बरहरवा प्रभाग ने राजमहल स्थित ऐतिहासिक ‘लाल कोठी’ और रेलवे भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 7 लोगों को सार्वजनिक नोटिस जारी किया है। अधिकारियों ने नोटिस जारी होने के 7 दिनों के भीतर अतिक्रमण न हटाने पर रेलवे एक्ट के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
साहिबगंज: पूर्व रेलवे के बरहरवा प्रभाग अंतर्गत वरीय अनुभाग अभियंता कार्यालय ने राजमहल स्थित ऐतिहासिक ‘लाल कोठी’ और उसके आस-पास की रेलवे भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। रेलवे प्रशासन की संयुक्त टीम ने क्षेत्र का औचक निरीक्षण कर रेलवे जमीन पर अवैध रूप से कब्जा जमाए 7 लोगों को चिह्नित किया और मौके पर ही ‘सार्वजनिक नोटिस’ तामील कराया।
नोटिस के जरिए सभी अतिक्रमणकारियों को सख्त चेतावनी दी गई है कि वे नोटिस जारी होने की तिथि से 7 दिनों के भीतर अपने अवैध निर्माण, कब्जे और सामान हटाकर रेलवे भूमि को पूरी तरह खाली कर दें। यदि निर्धारित समय सीमा में अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो रेलवे अधिनियम, 1989 की धारा 147 तथा पब्लिक प्रेमिसेस (इविक्शन ऑफ अनऑथराइज्ड ऑक्यूपेंट्स) एक्ट, 1971 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


विभागीय सूत्रों के अनुसार, लाल कोठी परिसर में अवैध निर्माण की शिकायत मिलने के बाद रेलवे प्रशासन अलर्ट हो गया था। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्राथमिकता के आधार पर सबसे पहले ऐतिहासिक ‘लाल कोठी’ को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा। इसके बाद आस-पास की अन्य रेलवे जमीनों को भी अतिक्रमण से मुक्त किया जाएगा। रेलवे की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई से पूरे क्षेत्र के भू-माफियाओं और अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप मच गया है।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.
Related Posts

Latest News

