Dumka News: उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में विद्युत व्यवस्था की हुई समीक्षा, दिए गए सख्त निर्देश
मुख्यमंत्री उज्ज्वल झारखंड योजना के कार्यों में आएगी तेजी
उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में जिले में निर्बाध विद्युत आपूर्ति, खराब ट्रांसफार्मरों के त्वरित प्रतिस्थापन और मुख्यमंत्री उज्ज्वल झारखंड योजना के कार्यों को समयबद्ध पूरा करने के कड़े निर्देश दिए गए।
दुमका: उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में जिले की विद्युत व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, व्यवस्थित एवं निर्बाध बनाए रखने के उद्देश्य से विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में विद्युत आपूर्ति की वर्तमान स्थिति, खराब ट्रांसफार्मरों की मरम्मत एवं प्रतिस्थापन, प्राकृतिक आपदाओं के दौरान विद्युत आपूर्ति बहाल करने की तैयारी, विद्युत संरचना के रखरखाव तथा मुख्यमंत्री उज्ज्वल झारखंड योजना (MUJY) के तहत विद्युतीकरण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में उपायुक्त ने कहा कि आमजनों को निर्बाध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आंधी, बारिश, तूफान अथवा अन्य प्राकृतिक आपदाओं के कारण यदि कहीं विद्युत आपूर्ति बाधित होती है या विद्युत संरचना को किसी प्रकार की क्षति पहुंचती है, तो तत्काल आवश्यक कार्रवाई करते हुए बिजली आपूर्ति बहाल की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी परिस्थिति में मरम्मत कार्य में अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं होगा तथा संबंधित क्षेत्र में तत्काल तकनीकी टीम भेजकर समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।


उपायुक्त ने मुख्यमंत्री उज्ज्वल झारखंड योजना (MUJY) के अंतर्गत जिले के दूरस्थ एवं अब तक बिजली से वंचित गांवों, टोलों एवं मुहल्लों में विद्युतीकरण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना के सभी लंबित कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण किया जाए, जिससे प्रत्येक पात्र परिवार तक विद्युत सुविधा पहुंच सके और ग्रामीण क्षेत्रों में विकास को गति मिले। बैठक में विद्युत विभाग के कार्यपालक अभियंता सहित विभाग के सभी संबंधित पदाधिकारी एवं अभियंता उपस्थित थे।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.
Related Posts

Latest News

