Sahebganj News: बिजली-पानी संकट पर भाजपा का हल्लाबोल, कलेक्ट्रेट का घेराव कर फोड़े खाली मटके
सुनील सोरेन ने जल जीवन मिशन की राशि के सही उपयोग की उठाई मांग
साहिबगंज जिले में बिजली की अनियमित कटौती और पेयजल के गंभीर संकट को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त कार्यालय का घेराव किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के आह्वान पर आयोजित इस प्रदर्शन में पूर्व सांसद सुनील सोरेन, लोबिन हेंब्रम और विधायक धनंजय सोरेन ने भाग लिया। आंदोलन के दौरान खाली मटके फोड़कर विरोध दर्ज कराया गया और सरकार से हर घर नल योजना को धरातल पर उतारने की मांग की गई।
साहिबगंज: जिले में भीषण बिजली-पानी संकट को लेकर मंगलवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के आह्वान पर आयोजित आंदोलन का नेतृत्व जिलाध्यक्ष गौतम यादव ने किया। प्रदर्शन के दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने खाली मटके फोड़कर सरकार के खिलाफ आक्रोश जताया। आक्रोश प्रदर्शन में बोरियो विधायक धनंजय सोरेन, पूर्व विधायक लोबिन हेंब्रम और दुमका के पूर्व सांसद सह प्रदेश उपाध्यक्ष सह कार्यक्रम प्रभारी सुनील सोरेन मुख्य रूप से शामिल हुए। भाजपा नेताओं ने राज्य सरकार पर बिजली और पेयजल व्यवस्था को लेकर जमकर निशाना साधा।
प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील सोरेन ने कहा कि पूरे राज्य में भाजपा कार्यकर्ता जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन कर रहे हैं। साहिबगंज में लोग भीषण गर्मी में बिजली-पानी के लिए परेशान हैं, लेकिन सरकार संवेदनहीन बनी हुई है। उन्होंने कहा कि जिन महिलाओं को इस समय घर में रहना चाहिए, वे चिलचिलाती धूप में सड़कों पर उतरकर मूलभूत सुविधाओं की मांग कर रही हैं।

प्रदर्शन में भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष गरिमा साह, जिला मंत्री उषा भारती, पूर्व जिलाध्यक्ष रामदरश यादव, रामानंद साह, भूलन दुबे, वरिष्ठ भाजपा नेता, सभी मंडल अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
