Koderma News: लापता युवक का शव नाले से बरामद, मछली पकड़ने गया था बिरहोर कॉलोनी का युवक
थाना प्रभारी अभिमन्यु कुमार ने दल-बल के साथ घटनास्थल का लिया जायजा
कोडरमा जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र अंतर्गत जियोरायडीह बिरहोर कॉलोनी के 25 वर्षीय सुरेंद्र बिरहोर का शव गांव से दूर जंगल के एक नाले से बरामद हुआ है। सुरेंद्र रविवार को अपने साथियों के साथ मछली पकड़ने गया था और तभी से लापता था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहनता से जांच कर रही है कि यह दुर्घटना है या कोई गहरी साजिश।
कोडरमा: जिले के डोमचांच थाना क्षेत्र के जियोरायडीह बिरहोर कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय बाबूलाल बिरहोर उर्फ सुरेंद्र बिरहोर का शव गांव से करीब एक किलोमीटर दूर जंगल स्थित नाले से बरामद किया गया। शव मिलने की खबर से पूरे गांव में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार सुरेंद्र बिरहोर रविवार को गांव के पांच अन्य लोगों के साथ नदी की ओर मछली पकड़ने गया था। शाम को उसके सभी साथी वापस घर लौट आए, लेकिन सुरेंद्र घर नहीं पहुंचा।
परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। मंगलवार को जंगल में लकड़ी चुनने गए कुछ लोगों ने नाले में एक शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और मृतक की पहचान सुरेंद्र बिरहोर के रूप में की। घटना की सूचना मिलने पर डोमचांच थाना प्रभारी अभिमन्यु कुमार पुलिस दल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल कोडरमा भेज दिया।
