Koderma News: शमशाद आलम के गोदाम में लगी आग, कड़ी मशक्कत के बाद दमकल ने पाया काबू
ग्राहकों की डिमांड पर मंगाया गया था भारी स्टॉक, सब हुआ बर्बाद
कोडरमा के जलवाबाद में मंगलवार सुबह एक मकान की छत पर बने कपड़े के गोदाम में भीषण आग लग गई। इस घटना में करीब 40 लाख रुपए मूल्य का कपड़ा और फर्नीचर जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया है। गोदाम मालिक शमशाद आलम के अनुसार, पड़ोसियों ने आग की लपटें देखकर उन्हें सूचित किया। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुँचकर घंटों की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे आसपास के घरों को बचाया जा सका।
कोडरमा: जलवाबाद स्थित एक मकान के ऊपर बने कपड़े के गोदाम में मंगलवार की सुबह अचानक आग लग जाने से गोदाम में रखा करीब 40 लाख का कपड़ा जलकर खाक हो गया। मामले की जानकारी देते हुए गोदाम मालिक शमशाद आलम ने बताया कि वे अपने परिवार के साथ अपने घर में सोए हुए थे। इसी दौरान नमाज पढ़ने जा रहे घर के बगल के लोगों ने देखा कि उनके घर के ऊपर के हिस्से में तेज आग लगी हुई है।
इसके पश्चात उन लोगों ने उनके छोटे भाई प्रिंस को इसकी सूचना दी। प्रिंस ने फोन कर इन्हें आगजनी की जानकारी दी। शमशाद ने बताया कि प्रिंस द्वारा सूचना दिए जाने के बाद वे आनन-फानन में उठे और घर के बाहर आकर देखा कि उनके छत पर आग की तेज लपट उठ रही थी। उन्होंने सबसे पहले बिजली के मेन कनेक्शन को कट किया और आसपास के लोगों को शोर मचाकर उठाया। इसके पश्चात आसपास के लोगों द्वारा आग बुझाने की कोशिश की गई। लेकिन आग की लपट तेज होने के कारण आग पर काबू नहीं पाया जा सका।
