Palamu News: ई-गवर्नेंस की रफ्तार बढ़ाएंगे उपायुक्त, योजनाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
जिले के अधिकांश सरकारी कार्यालयों में आधार आधारित उपस्थिति प्रणाली (AEBAS) सुचारू रूप से संचालित
पलामू उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने समाहरणालय में ई-गवर्नेंस और आधार से संबंधित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में सीएससी की सक्रियता, आधार नामांकन केंद्रों की स्थिति और ई-ग्रंथालय के आधुनिकीकरण पर चर्चा हुई। उपायुक्त ने रामगढ़ प्रखंड में तत्काल इंटरनेट बहाल करने और झारसेवा के माध्यम से मिलने वाले प्रमाणपत्रों को बिना विलंब निष्पादित करने का निर्देश अधिकारियों को दिया।
मेदिनीनगर: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने मंगलवार को डीईजीएस/ई-ऑफिस, यूआईडीएआई/एनआईसी/आधार एवं ई-गवर्नेंस से संबंधित योजनाओं की समीक्षा बैठक की। समाहरणालय सभागार में आयोजित इस बैठक में सीएससी, झारनेट कनेक्टिविटी, आधार नामांकन एवं अपडेट, एईबीएएस, झारसेवा, ई-ग्रंथालय, भारतनेट सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन तथा आमजनों को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में कुल 2261 सीएससी पंजीकृत हैं, जिनमें 1282 सामान्य सीएससी सक्रिय हैं। वहीं विभिन्न पंचायत भवनों, एसएचजी सीएससी तथा पीडीएस सीएससी के माध्यम से भी सेवाएं संचालित की जा रही हैं।

रामगढ़ प्रखंड में कनेक्टिविटी उपलब्ध नहीं रहने पर जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी रणबीर सिंह ने जियो कनेक्शन की प्रक्रिया प्रगति पर होने की जानकारी दी गयी।इसपर डीसी ने कहा कि जिस स्तर पर भी मामला लंबित है,वहां से बेहतर समन्वय स्थापित कर त्वरित रूप से रामगढ़ प्रखंड कार्यालय में इंटरनेट कनेक्टिविटी बहाल करने की बात कही।इसी प्रकार ई-ग्रंथालय की समीक्षा के दौरान केंद्रीय पुस्तकालय, पलामू में पंजीकृत सदस्यों की संख्या में वृद्धि की जानकारी दी गई। साथ ही पुस्तकालय भवन में चल रहे नवीनीकरण कार्य के कारण पाठकों की उपस्थिति अस्थायी रूप से प्रभावित होने की बात कही गई। बैठक में पुस्तकालय को मॉडल लाइब्रेरी के रूप में विकसित करने की दिशा में की जा रही पहल पर भी चर्चा हुई।
सभी प्रमाणपत्रों को तय समय सीमा में निष्पादन करें:उपायुक्त
बैठक में उपायुक्त ने झारसेवा के तहत जारी होने वाले सभी तरह के प्रमाण पत्रों को तय समय सीमा में निष्पादन करने पर बल दिया। इसी तरह ई ग्रंथालय, आईआरएडी समेत अन्य बिंदुओं पर समीक्षा की गयी। इस अवसर पर डीसी,सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी रणबीर सिंग, एडीआईओ प्रगति, सिविल सर्जन डॉ अनिल, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ असीम, डीएसई, ई डिस्ट्रिक्ट मैनेजर पंकज पांडेय, यूआईडी के डीपीओ समेत अन्य उपस्थित रहे।
