Sahebganj News: युवाओं का संकल्प: एनएसएस के बैनर तले राजमहल में नशा मुक्त भारत अभियान का आयोजन
पेंटिंग प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं ने दिया सशक्त संदेश
मॉडल कॉलेज राजमहल में एनएसएस के तत्वावधान में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पेंटिंग प्रतियोगिता और शपथ ग्रहण समारोह के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया।
साहिबगंज: मॉडल कॉलेज राजमहल में गुरुवार को राष्ट्रीय सेवा योजना की दोनों इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में “नशा मुक्त भारत अभियान” के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने की। कार्यक्रम के दौरान आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने आकर्षक एवं प्रेरणादायक चित्रों के माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश दिया।
छात्रा प्रतिभा रक्षित, मीठी कुमारी, मंपी कुमारी एवं खातून की पेंटिंग को सराहा गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने पुरस्कृत कर उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में रामा भारती ने प्रश्नोत्तर सत्र के माध्यम से छात्रों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने युवा पीढ़ी को सचेत, सावधान रहने और नशे से दूर रहने की सलाह दी।
