Sahebganj News: स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप: आधी रात को अस्पतालों के औचक निरीक्षण पर निकले सिविल सर्जन
तालझारी सीएचसी में चिकित्सा पदाधिकारी मिले अनुपस्थित
साहिबगंज के सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान ने जिले के विभिन्न अस्पतालों का औचक निरीक्षण किया, जहां कई डॉक्टर और कर्मी ड्यूटी से नदारद मिले। उन्होंने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि मरीजों की सुविधा में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
साहिबगंज: बुधवार-गुरुवार की देर रात सिविल सर्जन डॉक्टर रामदेव पासवान के औचक निरीक्षण से जिले के स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया। उन्होंने सदर अस्पताल, अनुमंडलीय अस्पताल, सीएचसी, पीएचसी और एएम केंद्रों का रात्रि में निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखी।
निरीक्षण के दौरान तालझारी सीएचसी में कोई भी चिकित्सा पदाधिकारी उपस्थित नहीं मिला। पतना, फूलभंगा, बोरियो एवं बांझी स्वास्थ्य केंद्रों में मुख्य गेट बंद पाए गए और कई कर्मी ड्यूटी के दौरान सोते हुए मिले। बरहरवा सीएचसी में चिकित्सक अनुपस्थित थे, जबकि बरहेट में अतिरिक्त वाहनों की पार्किंग पर सिविल सर्जन ने नाराजगी जताई। कुछ जगहों पर एएनएम बिना ड्रेस कोड के ड्यूटी करती मिलीं।
