Sahebganj News: कामाख्या-गया एक्सप्रेस में मोबाइल छीनकर भागने वाला आरोपी युवक गिरफ्तार
आरपीएफ ने यात्रियों से की सतर्कता की अपील
बरहरवा आरपीएफ ने कामाख्या-गया एक्सप्रेस में यात्री से मोबाइल छीनने के मामले में मोगलपारा निवासी 19 वर्षीय इरफान अंसारी को गिरफ्तार किया है। इंस्पेक्टर संजीव कुमार के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई के दौरान चोरी का ओप्पो F21 प्रो 5G मोबाइल भी बरामद कर आरोपी को रेल थाना सुपुर्द कर दिया गया।
बरहरवा: ट्रेन में यात्री से मोबाइल छीनने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए बरहरवा आरपीएफ ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से चोरी का ओप्पो F21 प्रो 5G मोबाइल भी बरामद किया गया है। मिली जानकारी के अनुसार, बीते दिनों सूचना मिली थी कि ट्रेन संख्या 15620 कामाख्या–गया एक्सप्रेस बोनिडांगा स्टेशन पार कर बरहरवा की ओर आ रही थी। इसी दौरान जनरल कोच में यात्रा कर रहे एक यात्री के हाथ से एक अज्ञात व्यक्ति मोबाइल छीनकर भाग गया था।
सूचना मिलने पर आरपीएफ बरहरवा के इंस्पेक्टर संजीव कुमार के नेतृत्व में टीम लगातार संदिग्धों की पहचान और छापेमारी में जुटी थी। इसी क्रम में 13.08.2026 को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी रिले हट ईस्ट केबिन के पास अपने साथियों के साथ है। सूचना पर इंस्पेक्टर संजीव कुमार, उपनिरीक्षक लाल बहादुर माझी, कांस्टेबल अनिल कुमार साह एवं कांस्टेबल सतीश कुमार की टीम ने तत्काल घेराबंदी कर भागते हुए एक व्यक्ति को पकड़ा।
इसके बाद गिरफ्तार आरोपी इरफान अंसारी को बरामद मोबाइल और संबंधित कागजात के साथ अग्रिम कार्रवाई के लिए रेल थाना बरहरवा को सुपुर्द कर दिया गया। आरपीएफ अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि सफर के दौरान कीमती सामान का विशेष ध्यान रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी आरपीएफ पोस्ट को दें।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.










