तीसरे विश्वयुद्ध की ओर बढ़ती दुनिया: जे. पी. पांडेय
ईरान, इजरायल, अमेरिका और रूस-यूक्रेन संघर्ष को लेकर जताई गंभीर चिंता
भाजपा किसान मोर्चा झारखंड के नेता एवं झारखंड राज्य समाज कल्याण आंगनवाड़ी कर्मचारी संघ के संयोजक जय प्रकाश (जे. पी.) पांडेय ने वैश्विक युद्ध की परिस्थितियों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ईरान, इजरायल, अमेरिका तथा रूस-यूक्रेन संघर्ष दुनिया को तीसरे विश्वयुद्ध की ओर धकेल रहे हैं।
रांची: भाजपा किसान मोर्चा, झारखंड प्रदेश के नेता सह झारखंड राज्य समाज कल्याण आंगनवाड़ी कर्मचारी संघ के संयोजक जय प्रकाश पांडेय ने कहा कि ईरान, इजरायल, अमेरिका तथा रूस-यूक्रेन युद्ध ने दुनिया को तीसरे विश्वयुद्ध के मोड़ पर खड़ा कर दिया है, जिसका बुरा प्रभाव पूरी दुनिया में देखा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार रूस-यूक्रेन तथा ईरान-इजरायल और अमेरिका के बीच पुनः युद्ध शुरू हुआ है, उससे यह प्रतीत होता है कि ईरान के साथ युद्ध स्ट्रेट ऑफ हॉरमुज़ (Strait of Hormuz) पर कब्जे को लेकर लड़ा जा रहा है।


उन्होंने कहा कि ईरान के हमलों से खाड़ी देशों में स्थित अधिकांश अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया जा रहा है। वहीं, सऊदी अरब पर हूती विद्रोहियों ने भी बमबारी शुरू कर दी है। रेड सी में समुद्री व्यापार बाधित करने की तैयारी की जा रही है। उनका कहना है कि अमेरिका का हस्तक्षेप ईरान स्ट्रेट ऑफ हॉरमुज़ पर बर्दाश्त नहीं करेगा। हूती विद्रोहियों ने सभी एयरलाइंस को भी चेतावनी दी है।
उन्होंने कहा कि ईरान की चेतावनी के कारण हॉरमुज़ जलडमरूमध्य से तेल टैंकरों का आवागमन प्रभावित हो रहा है, जिसका असर भारत सहित दुनिया के कई देशों पर पड़ रहा है। तेल और गैस की उपलब्धता प्रभावित होने के साथ-साथ उनकी कीमतों में भी वृद्धि हुई है।
उन्होंने आशंका जताई कि दुनिया परमाणु प्रलय की ओर बढ़ रही है। उनके अनुसार, अमेरिका ने ईरान के खिलाफ फाइटर जेट का इस्तेमाल शुरू कर दिया है। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका हॉरमुज़ पर कब्जा कर 20 प्रतिशत टोल टैक्स वसूलने की तैयारी में है। इजरायल ने भी ईरान के खिलाफ क्लस्टर बमों का इस्तेमाल शुरू कर दिया है। अमेरिकी कार्गो विमान हथियार लेकर इजरायल पहुंच चुके हैं। वहीं, चीन ने अपना कार्गो विमान ईरान में उतारा है और रूस ने भी अपने लड़ाकू विमान ईरान भेजे हैं। उन्होंने कहा कि इजरायल के लगभग 40 फाइटर विमान हमले कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अमेरिका हॉरमुज़ पर अपना नियंत्रण चाहता है। उनके अनुसार, यह युद्ध वास्तव में तेल और टोल टैक्स के नियंत्रण का युद्ध है तथा ईरान को समाप्त करने की रणनीति का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप लगातार ईरान को पाषाण युग में पहुंचाने की धमकी दे रहे हैं। हालांकि, उनके अनुसार ईरान भी पीछे हटने वाला नहीं है और वह अमेरिकी लड़ाकू विमानों को भी निशाना बना रहा है।
जय प्रकाश पांडेय ने कहा कि जिस रफ्तार से दुनिया में युद्ध चल रहे हैं, वे तीसरे विश्वयुद्ध की ओर संकेत कर रहे हैं। यदि समय रहते युद्ध रोकने के प्रयास नहीं किए गए, तो आने वाली पीढ़ियां हमें कभी माफ नहीं करेंगी, क्योंकि दुनिया परमाणु युद्ध के बेहद करीब पहुंच चुकी है।
उन्होंने कहा कि अब कई देश परमाणु हमले की तैयारी में हैं, जो मानवता के लिए सबसे बड़ा कलंक है। हम इस दुनिया का निर्माण नहीं कर सकते, लेकिन उसका विनाश अवश्य कर सकते हैं। हमें यह विचार करना होगा कि क्या हम आने वाली पीढ़ियों को अपंग, घायल, कमजोर और जीवनभर का दर्द देना चाहते हैं?
उन्होंने कहा कि हमारी आने वाली पीढ़ियों की रक्षा परमाणु बम से नहीं हो सकती। मानव सभ्यता और जीव-जंतुओं की रक्षा ही प्रत्येक व्यक्ति की प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि मानवीय सभ्यता सुरक्षित रह सके। उनके अनुसार, संभावित तृतीय विश्वयुद्ध मानवीय मूल्यों और समस्त जीव-जंतुओं के लिए सबसे बड़ा खतरा बन सकता है।
उन्होंने अंत में सभी लोगों से मानवीय मूल्यों की रक्षा का संकल्प लेने की अपील की। साथ ही कहा कि जो कार्य देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कर रहे हैं, उनके हाथों को मजबूत करते रहना चाहिए।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.


