Ranchi News: 15 दिवसीय जिला ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर का भव्य समापन, खिलाड़ियों को मिला सम्मान
22 मई से 6 जून तक चला 15 दिवसीय ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर
रांची के धुर्वा स्थित बंगीय सांस्कृतिक परिषद विद्यालय में आयोजित 15 दिवसीय रांची जिला ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर का भव्य समापन प्रमाण-पत्र वितरण समारोह के साथ हुआ। नेशनल योग प्रशिक्षण केंद्र और अर्थ फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में लगभग 150 खिलाड़ियों ने भाग लिया।
रांची: सामाजिक संस्था नेशनल योग प्रशिक्षण केंद्र, रांची एवं अर्थ फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में धुर्वा सेक्टर-2 स्थित बंगीय सांस्कृतिक परिषद विद्यालय में आयोजित 15 दिवसीय रांची जिला ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण शिविर का शनिवार को भव्य समापन सह प्रमाण-पत्र वितरण समारोह के साथ संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में विभिन्न खेल विधाओं के प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।


शिविर में मलखंभ, योग, खो-खो, कबड्डी, आत्या-पात्या एवं बैडमिंटन जैसी खेल विधाओं के बुनियादी एवं तकनीकी कौशल का प्रशिक्षण दिया गया। 22 मई से 06 जून तक प्रतिदिन प्रातः 5:30 बजे से 8:30 बजे तक आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में रांची जिले के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों, क्लबों एवं ग्रामीण क्षेत्रों से लगभग 150 खिलाड़ियों ने भाग लेकर लाभ प्राप्त किया।
मुख्य प्रशिक्षक अजय झा तथा वरीय प्रशिक्षकों विवेक कुमार, संजय कुमार, शुभम सिंह, सोहन कुमार एवं सुनील कुमार महतो के मार्गदर्शन में खिलाड़ियों को खेलों की नवीन तकनीकों एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण से अवगत कराया गया। प्रशिक्षण के दौरान खिलाड़ियों के शारीरिक, मानसिक एवं तकनीकी विकास पर विशेष ध्यान दिया गया।
समारोह के दौरान मुख्य अतिथि दीपक बंका ने खेलो इंडिया जनजातीय गेम्स 2026 में कांस्य पदक जीतने वाले झारखंड टीम के बालक एवं बालिका खिलाड़ियों को मेडल एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन, निरंतर अभ्यास और समर्पण के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
अंत में सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें अपने-अपने खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने तथा राज्य एवं देश का नाम रोशन करने के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का समापन उत्साह, सम्मान और खेल भावना के वातावरण में हुआ। यह जानकारी विवेक कुमार ने दी।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.


