Ranchi News: DPS ने हर्षोल्लास के साथ मनाया 36वां स्थापना दिवस
विद्यार्थियों ने मंच पर दीं शानदार प्रस्तुतियाँ
कार्यक्रम की शुरुआत एक स्वागत गीत से हुई, जिसमें विभिन्न संगीत शैलियों का सुंदर संगम देखने को मिला. संस्कृत श्लोकों के गूंजते उच्चारण ने वातावरण को आध्यात्मिक बना दिया.
रांची: दिल्ली पब्लिक स्कूल(DPS) ने 17 जुलाई 2025 को अपना 36वां स्थापना दिवस भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम “कृष्णा ओडिसी - अ स्टोरी ऑफ़ इनोसेंस एंड इनसाइट" बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया. इस कार्यक्रम को विवेकानंद प्रेक्षागृह में आयोजित किया गया. यह आयोजन परंपरा, रचनात्मकता और युवा उत्साह का अद्भुत संगम था. इस अवसर पर विवेकानंद प्रेक्षागृह में विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी देखी गई. डीपीएस रांची के विद्यार्थियों ने मंच पर शानदार प्रस्तुतियाँ दीं, जिनमें उनकी कड़ी मेहनत और समर्पण की झलक स्पष्ट दिखाई दी.
कार्यक्रम की शुरुआत एक स्वागत गीत से हुई, जिसमें विभिन्न संगीत शैलियों का सुंदर संगम देखने को मिला. संस्कृत श्लोकों के गूंजते उच्चारण ने वातावरण को आध्यात्मिक बना दिया. इसके पश्चात हिंदी में भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं और गुणों का सुंदर वर्णन प्रस्तुत किया गया. कार्यक्रम में अंग्रेज़ी गीतों को भी शामिल किया गया, जिससे परंपरा और आधुनिकता का अनूठा मिश्रण देखने को मिला. रैप म्यूजिक का समावेश इस कार्यक्रम की एक विशेष और आकर्षक प्रस्तुति रही, जिसमें छात्रों की रचनात्मकता और नवीन सोच की झलक दिखाई दी.

इसके बाद छात्रों द्वारा एक शक्ति और विचारों से परिपूर्ण नृत्य नाटिका 'कृष्णा ओडिसी - अ स्टोरी ऑफ़ इनोसेंस एंड इनसाइट' प्रस्तुत की गई. यह प्रस्तुति केवल पौराणिक घटनाओं का वर्णन नहीं थी, बल्कि आज के समाज के लिए महत्वपूर्ण नैतिक संदेशों को उजागर करने का प्रयास था. यह नाटक भक्ति, सच्चाई, लोभ पर विजय, नारी सम्मान और धर्म की रक्षा जैसे उच्चतम मूल्यों पर आधारित था. महाभारत के एक अत्यंत मार्मिक दृश्य में श्रीमद्भगवद्गीता के सार को मंच पर सजीव कर दिया गया.
अमोल विनुकांत होमकर ने इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि वह विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न कला रूपों के सुंदर मिश्रण को देखकर वह प्रफुल्लित हो उठे. उन्होंने डीपीएस राँची को शिक्षा जगत मे ‘‘अनमोलरत्न” के रूप में माना, जिसके विद्यार्थियों ने अपनी मेधा शक्ति के बल पर अनेक राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर में भी कई उपलब्धियाँ हासिल करते हुए विशिष्ट पहचान बनाई है. उन्होंने विद्यालय को राज्य, राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्राप्त उपलब्धियों के लिए बधाई दी. उन्होंने कहा कि डीपीएस रांची न केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए जाना जाता है, बल्कि यह नैतिक मूल्यों और जीवन कौशल को भी समान महत्व देता है. उन्होंने भावी पीढ़ी के सकारात्मक व्यक्तित्व को आकार देने में शिक्षकों के अथक प्रयासों और अटूट समर्पण की भी सराहना की. उन्होंने छात्रों को प्रेरित किया कि वे केवल व्यक्तिगत सफलता पर केंद्रित न रहें, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने वाले वैश्विक नागरिक बनें और ईमानदारी और समर्पण के साथ समुदाय की सेवा करे.
किशोर कौशल ने कहा, “मैं डीपीएस रांची को इसके 36वें स्थापना दिवस पर हार्दिक शुभकामनाएं देता हूँ. विद्यालय की शैक्षणिक उत्कृष्टता और मूल्य-आधारित शिक्षा प्रशंसनीय है. मैं विद्यार्थियों की उज्जवल भविष्य के लिए उन्हें शुभकामनाएं देता हूँ.”
समराजीत जाचक ने कहा, “डीपीएस रांची की 36 वर्षों की समर्पित और समग्र शिक्षा प्रणाली प्रेरणादायक है. विद्यालय में परंपरा और नवाचार का अद्भुत संतुलन विद्यार्थियों को जीवन के हर क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने में समर्थ बनाता है. आने वाले वर्षों में भी यह संस्थान उज्ज्वल और जिम्मेदार विद्यार्थियों का निर्माण करता रहे — यही मेरी शुभकामना है.”
अंत में कार्यक्रम का समापन भव्य ग्रैंड फिनाले के साथ हुआ. इसके बाद हेड बॉय ईशान सिन्हा और हेड गर्ल एषिका साहू ने मंच पर आकर हार्दिक धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया.
इस गरिमामयी अवसर को अमोल विनुकांत होमकर, आईजी रेलवे, झारखंड, ने बढ़ाया जिन्होंने बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई. उनके साथ माननीय किशोर कौशल, आईपीएस, कमांडेंट, जैप-7, हजारीबाग, विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थे. समराजीत जाचक, सीजीएम (एचआर), आरडीसीआईएस, और इंचार्ज (एचआर), सेल रांची यूनिट एवं डीपीएस रांची के प्रो-वाइस चेयरमैन, की गरिमामयी उपस्थिति भी रही. रांची के अन्य प्रतिष्ठित विद्यालयों के प्राचार्य, प्रमुख शिक्षाविद् और गणमान्य अतिथि भी इस विशेष अवसर पर उपस्थित रहे. विद्यालय की प्राचार्या डॉ. जया चौहान ने सभी अतिथियों का स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ प्रदान कर स्वागत किया, जो विद्यालय की परंपरा और पर्यावरण के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक था.
