Ranchi News: मोराबादी यज्ञ बाबा आश्रम में गंगा दशहरा और बड़े मंगलवार पर भव्य धार्मिक आयोजन
वैदिक मंत्रोच्चार और भक्ति संगीत से गूंजा पूरा आश्रम परिसर
श्री श्री 1008 यज्ञा बाबा आश्रम में ज्येष्ठ माह के बड़े मंगलवार और गंगा दशहरा के अवसर पर भव्य धार्मिक आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वैदिक मंत्रोच्चार, सुंदरकांड पाठ, विशेष पूजा-अर्चना और पारंपरिक घट परिवर्तन अनुष्ठान संपन्न कराया गया।
रांची: श्री श्री 1008 यज्ञा बाबा आश्रम, आम्रकुंज मोराबादी प्रांगण में ज्येष्ठ माह के बड़े मंगलवार एवं गंगा दशहरा के पावन अवसर पर सनातन परंपरा एवं धार्मिक आस्था से ओत-प्रोत भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पूरे आश्रम परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार, भक्ति संगीत, जय श्रीराम एवं हर-हर महादेव के उद्घोष से वातावरण पूर्णतः भक्तिमय बना रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं महिलाओं की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष भव्यता प्रदान की।
कार्यक्रम के तहत भगवान भोलेनाथ के पावन घट का पारंपरिक रीति-रिवाज एवं वैदिक विधि-विधान के साथ विशेष पूजन किया गया। इसके उपरांत धार्मिक मान्यताओं के अनुसार “घट परिवर्तन” एवं विसर्जन की प्रक्रिया संपन्न कराई गई। सनातन धर्म में गंगा दशहरा के अवसर पर घट परिवर्तन का विशेष महत्व माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन मां गंगा के पृथ्वी पर अवतरण की स्मृति में जल, घट एवं पूजन स्थलों का शुद्धिकरण कर नवऊर्जा, पवित्रता एवं सकारात्मकता का संचार किया जाता है। यह अनुष्ठान धार्मिक आस्था, प्रकृति के प्रति सम्मान एवं आध्यात्मिक शुद्धि का प्रतीक माना जाता है।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में यज्ञा बाबा आश्रम के महंत श्री भरत दास जी महाराज उपस्थित रहे। वहीं मुख्य पुजारी विकास पांडे, रिलेशंस के निदेशक आशुतोष द्विवेदी, समाजसेवी राजू पोद्दार, राजू दुबे सहित कई गणमान्य लोग कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में पूनम सिन्हा, सुषमा जायसवाल, अनु पांडेय, रंभा सिंह, प्रियंका सिंह एवं सिंधु सिन्हा सहित समिति की महिलाओं एवं श्रद्धालुओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बना, बल्कि सनातन संस्कृति, सामूहिक भक्ति एवं सामाजिक एकता का भी सुंदर संदेश देने वाला साबित हुआ। मोराबादी स्थित यज्ञ बाबा आश्रम में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम ने श्रद्धालुओं के मन में आध्यात्मिक ऊर्जा एवं श्रद्धा का संचार किया।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.
