Student Protest: आधी रात जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम पहुंचे डीसी-एसएसपी, छात्रों में बढ़ा तनाव
प्रशासन ने कहा- भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों का हाल जानने पहुंचे थे अधिकारी
रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का अनिश्चितकालीन आंदोलन जारी है। मंगलवार देर रात करीब 12:30 बजे डीसी, एसएसपी, एडीएम और एसडीओ समेत प्रशासनिक अधिकारी धरना स्थल पर पहुंचे।
रांची: झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं एवं धांधली के खिलाफ रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्रों का अनिश्चितकालीन आंदोलन बुधवार को भी जारी रहा। इसी बीच मंगलवार देर रात करीब 12:30 बजे उपायुक्त (डीसी), वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी), अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (एडीएम) और अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) समेत कई प्रशासनिक अधिकारी धरना स्थल पर पहुंचे। देर रात बड़ी संख्या में अधिकारियों और पुलिसकर्मियों की मौजूदगी से आंदोलनरत छात्रों के बीच तनाव और आक्रोश की स्थिति बन गई।
प्रशासनिक टीम के पहुंचने पर छात्रों में बढ़ी आशंका
देर रात अचानक प्रशासनिक अधिकारियों के धरना स्थल पर पहुंचने के बाद छात्रों में आशंका बढ़ गई कि उन्हें आंदोलन स्थल से हटाने या हिरासत में लेने की कार्रवाई की जा सकती है। इसके बाद बड़ी संख्या में छात्र स्टेडियम परिसर में जुट गए और प्रशासन के सामने डटे रहे। छात्रों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस पहल नहीं होती, उनका आंदोलन जारी रहेगा।

पुलिस ने कहा, संदिग्ध लोगों की पहचान के लिए पहुंची थी टीम
सिटी एसपी के अनुसार, पुलिस टीम ऐसे संदिग्ध लोगों की पहचान करने के उद्देश्य से मौके पर पहुंची थी, ताकि कोई आपराधिक तत्व भीड़ का फायदा उठाकर माहौल खराब न कर सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे छात्रों को हिरासत में लेना पुलिस का उद्देश्य नहीं था।
सोशल मीडिया पर अफवाह फैलने की बात
पारस राणा ने बताया कि प्रशासनिक और पुलिस टीम की मौजूदगी के दौरान कुछ इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर भी मौके पर मौजूद थे। उनके मुताबिक, सोशल मीडिया के माध्यम से यह अफवाह फैल गई कि पुलिस छात्रों को हिरासत में लेने पहुंची है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस की ओर से छात्रों के खिलाफ ऐसी कोई कार्रवाई नहीं की गई।
भाजपा नेताओं ने देर रात पुलिस बल की मौजूदगी पर उठाए सवाल
देर रात धरना स्थल पर प्रशासनिक टीम के पहुंचने की जानकारी मिलने के बाद भाजपा के नेता भी मौके पर पहुंचे और छात्रों के समर्थन में खड़े नजर आए। भाजपा विधायक राज सिन्हा ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि सरकार और प्रशासन को कोई कार्रवाई करनी है तो वह दिन के उजाले में खुले तौर पर करे।
उन्होंने देर रात स्टेडियम के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती और कथित तौर पर स्ट्रीट लाइट बंद किए जाने को लेकर भी सवाल उठाए। राज सिन्हा ने कहा कि रात के समय भारी पुलिस बल की मौजूदगी से छात्रों के बीच भय का माहौल बना।
भाजपा के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने भी देर रात भारी पुलिस बल की तैनाती पर सवाल उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों को धरना स्थल से हटाने के लिए पुलिस कार्रवाई की तैयारी की जा रही थी। उन्होंने कहा कि इतनी रात में डीसी और एसएसपी का बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ धरना स्थल पर पहुंचना सामान्य घटना नहीं है।
प्रशासन और छात्रों के बीच तनाव के बावजूद आंदोलन जारी
हालांकि, देर रात तक छात्रों को हटाने या हिरासत में लेने जैसी कोई कार्रवाई नहीं हुई। प्रशासन ने अपनी मौजूदगी को छात्रों के स्वास्थ्य और सुरक्षा से जुड़ा बताया, जबकि भाजपा नेताओं और आंदोलनरत छात्रों ने देर रात हुई प्रशासनिक गतिविधियों पर सवाल उठाए।
फिलहाल जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्रों का अनिश्चितकालीन आंदोलन जारी है। छात्र जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच समेत विभिन्न मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं। प्रशासन और आंदोलनकारियों के बीच बने इस घटनाक्रम के बीच छात्रों की मांगों पर आगे क्या पहल होती है, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.









