राज्यसभा टिकट पर सियासत तेज, दीपक प्रकाश के समर्थन में उतरे इरफान
झारखंड के स्थानीय नेताओं की उपेक्षा का आरोप लगाया
झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश की सराहना करते हुए भाजपा नेतृत्व पर सवाल उठाए हैं।
रांची: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश के राजनीतिक योगदान की सराहना करते हुए भाजपा नेतृत्व पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि वैचारिक मतभेदों के बावजूद दीपक प्रकाश ने हमेशा झारखंड और यहां के स्थानीय नेताओं का सम्मान किया, लेकिन पार्टी ने उन्हें दोबारा राज्यसभा भेजने पर विचार नहीं किया।
शुक्रवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में इरफान अंसारी ने कहा कि दीपक प्रकाश ने भाजपा संगठन को झारखंड के गांव-गांव तक पहुंचाने और मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने अपना पूरा राजनीतिक जीवन पार्टी के लिए समर्पित किया, लेकिन राज्यसभा कार्यकाल समाप्त होने के बावजूद उन्हें दोबारा अवसर नहीं दिया गया।

स्थानीय नेताओं की अनदेखी का आरोप

उन्होंने कहा कि राज्य की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय और संगठन के लिए काम करने वाले नेताओं को उचित सम्मान मिलना चाहिए। ऐसे नेताओं की उपेक्षा से कार्यकर्ताओं में भी गलत संदेश जाता है।
राज्यसभा चुनाव को लेकर बढ़ी राजनीतिक चर्चा
स्वास्थ्य मंत्री के इस बयान के बाद झारखंड की राजनीति में राज्यसभा चुनाव और उम्मीदवारों के चयन को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है। राजनीतिक गलियारों में इसे भाजपा की आंतरिक रणनीति और स्थानीय बनाम बाहरी उम्मीदवारों की बहस से जोड़कर देखा जा रहा है।
हालांकि भाजपा की ओर से अभी तक इरफान अंसारी के बयान पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। लेकिन उनके बयान ने राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल को और गर्म कर दिया है।
Susmita Rani is a journalist and content writer associated with Samridh Jharkhand. She regularly writes and reports on grassroots news from Jharkhand, covering social issues, agriculture, administration, public concerns, and daily horoscopes. Her writing focuses on factual accuracy, clarity, and public interest.


