कोकर से मासूम के लापता होने पर भारी आक्रोश: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दिया पुलिस को 36 घंटे का अल्टीमेटम
"बच्ची नहीं मिली तो सड़क पर उतरेंगे कार्यकर्ता": आदित्य साहू ने पीड़ित परिवार से मिलकर साझा किया दर्द
रांची के कोकर से पिछले कई दिनों से लापता 18 माह की बच्ची के परिजनों से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने मुलाकात की। उन्होंने राज्य की बिगड़ती कानून-व्यवस्था और पुलिस की सुस्ती पर कड़ा प्रहार करते हुए प्रशासन को 36 घंटे का अल्टीमेटम दिया है और बच्ची की तत्काल बरामदगी की मांग की है।
रांची: भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कोकर स्थित खोरहा टोली रोड नं-02 से पिछले कई दिनों से लापता 18 माह की मासूम बच्ची के परिजनों से मुलाकात कर उनकी पीड़ा को करीब से महसूस किया। उन्होंने पुलिस प्रशासन को 36 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि इस दौरान बच्ची की सकुशल बरामदगी नहीं होती है, तो भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर आंदोलन करने का काम करेगा।
मौके पर प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि यह काफी गंभीर मामला है। राज्य में पुलिस का भय समाप्त हो चुका है। अपराधी बेखौफ हो चुके हैं। राज्य में पुलिस का नहीं अपराधियों का शासन चल रहा है। राज्य की पुलिस और यहां की सरकार को आम लोगों की सुरक्षा को लेकर कोई चिंता नहीं है। अपराधियों का दुस्साहस इस कदर बढ़ा हुआ है कि खुलेआम बच्चे को टांगा हुआ फोटो दिखाकर आतंक फैलाया जा रहा है। गालियां बका जा रहा है। अब तक अबोध बच्ची का कोई सुराग न मिलना बेहद चिंताजनक और दर्दनाक है।

हाल ही में कोल्हान से 13 महीनों में 106 युवतियों का गायब होने की खबर प्रमुखता से अखबार में प्रकाशित हुई है। स्पष्ट है कि पुलिसिया कार्रवाई नाकाफी साबित हो रही है और वे अपना मूल काम छोड़ दूसरे कार्यों में व्यस्त हैं। इस कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। पुलिस प्रशासन और राज्य सरकार को अपनी कार्यशैली बदलने की जरूरत है, तभी राज्य में अमन चैन स्थापित हो सकेगा। इस दौरान प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, विधायक सीपी सिंह, रांची की महापौर रोशनी खलखो, उप महापौर नीरज कुमार, महानगर अध्यक्ष वरुण साहू,भी मौजूद रहे।
