Palamu News: जिला स्तरीय कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) समिति की बैठक आयोजित
पावर फाइनेंस कारपोरेशन संभालेगा मिड-डे मील की जिम्मेदारी
पलामू उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अध्यक्षता में समाहरणालय में जिला स्तरीय सीएसआर (CSR) समिति की बैठक संपन्न हुई, जिसमें वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए कई विकासात्मक योजनाओं को मंजूरी दी गई। इसके तहत कस्तूरबा स्कूल में बैग, एकलव्य विद्यालय में 33 कंप्यूटर, मिड-डे मील बर्तन और आंगनबाड़ी केंद्रों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
पलामू: जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने गुरुवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला स्तरीय कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (Corporate Social Responsibility-CSR) समिति की बैठक की। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न कंपनियों एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत किए जाने वाले कार्यों की समीक्षा की गई तथा आगामी कार्ययोजना पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में उपायुक्त श्री शेखावत ने कहा कि कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व का उद्देश्य केवल कानूनी दायित्वों का निर्वहन करना नहीं, बल्कि समाज के सर्वांगीण विकास में कंपनियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने कंपनियों से शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास, पर्यावरण संरक्षण, खेलकूद प्रोत्साहन, नशा मुक्ति अभियान, सड़क सुरक्षा जागरूकता तथा आजीविका संवर्द्धन जैसे क्षेत्रों में अधिकाधिक योगदान देने का आह्वान किया। बैठक के दौरान CSR समिति के एजेंडा बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। इसमें कंपनियों द्वारा विगत वर्षों में किए गए CSR कार्यों की समीक्षा, वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तावित योजनाओं की जानकारी, विभिन्न विभागों से प्राप्त विकासात्मक परियोजनाओं के प्रस्तावों पर विचार तथा प्राथमिकता वाले क्षेत्रों का चयन शामिल रहा।


इस बैठक में उप विकास आयुक्त सादात अनवर, सिविल सर्जन डॉ अनिल, जिला कल्याण पदाधिकारी प्यारेलाल, जिला योजना पदाधिकारी शिशिर तिग्गा, एलडीएम, सीसीएल राँची के प्रतिनिधि,फेयर माइंस कार्बन प्राइवेट लिमिटेड, ग्रासिम इंडस्ट्रीज लिमिटेड समेत जिले में कार्यरत विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention to stories that matter to the community.


