Koderma News: तस्करी के लिए भेजे जा रहे 14 मवेशी के साथ वाहन जप्त
अवैध रूप से गौ वंशों की तस्करी का मामला दर्ज
कोडरमा: तिलैया थाना क्षेत्र अंतर्गत रांची-पटना मुख्य मार्ग के सुभाष चौक के समीप से बीती रात गौ रक्षा दल के द्वारा अवैध तरीके से ले जाये जा रहे 14 गाय और उसके बच्चे को रेस्क्यू कर पुलिस को सुपुर्द किया गया.
जिसके पश्चात तिलैया पुलिस द्वारा उक्त ट्रक व उसमें लदे सभी गौ वंशों को तिलैया थाना लाया गया. ट्रक में सवार लोगों से जब पुलिस द्वारा पूछताछ की गई तो उनलोगों ने बताया कि वे उक्त ट्रक (जेएच 02 एके 9105) में 14 गाय व उसके बछड़े को बख्तियारपुर (बिहार) के बाज़ार समिति से लोड कर रांची के रातू रोड स्थित सुखदेव नगर में विवेक यादव नाम के व्यक्ति को बेचने जा रहे थे. हालांकि उनके द्वारा मवेशियों से संबंधित कोई कागजात प्रस्तुत नहीं किया गया. जिसके बाद थाना प्रभारी विजय गुप्ता के द्वारा उनके खिलाफ अवैध रूप से गौ वंशों की तस्करी का मामला दर्ज करते हुए विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है.
