Koderma News: सड़क दुर्घटना में आधा दर्जन लोग घायल, सदर अस्पताल में चल रहा है इलाज़
कोडरमा: जिले के तिलैया थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच 20 पर स्थित चाराडीह के राधा कृष्ण मंदिर के समीप सड़क दुर्घटना में 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार एक टोटो कोडरमा से चार सवारी लेकर झुमरीतिलैया जा रहे थे। इसी बीच तिलैया थाना अंतर्गत चाराडीह के समीप कोडरमा से आ रही एक स्कार्पियो (जेएच 12 जे 5768) ने टोटो में टक्कर मार दी। जिससे टोटो और स्कार्पियो दोनों ही सड़क पर पलट गई। जबकि उसी रास्ते से जा रही स्कूटी सवार एक युवती भी अनियंत्रित होकर दुर्घटना का शिकार हो गई।
टोटो में सवार 4 लोग जबकि स्कार्पियो का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसके पश्चात मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को सदर अस्पताल कोडरमा पहुंचाया। जहाँ सबों का इजाज जारी है। घायलों में एक की स्थिति नाजुक बनी हुई है। बताते चलें कि कोडरमा जिले में बीती रात से ही मूसलाधार बारिश हो रही है, जिसके कारण सड़कों पर चलने वाली गाड़ियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। घायलों में कोडरमा निवासी 18 वर्षीय चांदनी कुमारी (पिता नंदलाल यादव), 22 वर्षीय सुधीर कुमार (पिता नंदलाल यादव), 18 वर्षीय प्रियंका कुमारी (पिता राजेश यादव), झुमरीतिलैया निवासी 40 वर्षीय कर्मवीर कुमार (पिता सूरज यादव), चाराडीह निवासी 39 वर्षीय अजय दास (पिता जागेश्वर दास) तथा सतगावां निवासी कंचन कुमारी शामिल हैं। सभी का इलाज सदर अस्पताल में जारी है।
