Koderma News: एनसीसी कैंप का सातवां दिन जोश से भरपूर, कैडेट्स को मिला खास प्रशिक्षण
45 झारखंड बटालियन के तहत चल रहा 10 दिवसीय शिविर
कोडरमा के राजकीय पॉलिटेक्निक में चल रहे एनसीसी वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के सातवें दिन कैडेट्स में उत्साह और जोश देखने को मिला। करीब 600 कैडेट्स ने ड्रिल, फायरिंग और अन्य सैन्य प्रशिक्षण लिया।
कोडरमा: बागी टाड स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक, कोडरमा के प्रांगण में ग्रुप हेडक्वार्टर हजारीबाग के अंतर्गत 45 झारखंड बटालियन एनसीसी, कोडरमा के तत्वावधान में कमांडिंग ऑफिसर विजय कुमार (सेना मेडल) के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में चल रहे 10 दिवसीय वार्षिक प्रशिक्षण शिविर के सातवें दिन की शुरुआत अत्यंत उत्साह और जोश के साथ हुई। जिले भर से आए लगभग 600 एनसीसी कैडेटों ने सुबह वार्म-अप, स्ट्रेचिंग एवं ड्रिल के साथ अपनी दिनचर्या की शुरुआत की।
शिविर का मुख्य आकर्षण आर्ट ऑफ लिविंग के प्रशिक्षक शशि कुमार का सत्र रहा। उन्होंने बताया कि आज के समय में छात्रों पर पढ़ाई का दबाव बढ़ रहा है, ऐसे में उन्हें नकारात्मक विचारों से दूर रहकर आत्मविश्वास विकसित करना चाहिए। उनके प्रेरक विचारों ने कैडेटों को मानसिक रूप से सशक्त बनने की दिशा में प्रेरित किया।

इस अवसर पर बटालियन के सूबेदार मेजर जी. के. चौधरी एवं ट्रेनिंग जेसीओ बलविंदर सिंह ने आर्ट ऑफ लिविंग के प्रशिक्षक एवं साइबर सेल अधिकारियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया। शिविर के दौरान कैडेटों को फायरिंग, ड्रिल, टेंट पिचिंग, मैप रीडिंग, फील्ड क्राफ्ट एवं बैटल क्राफ्ट जैसे महत्वपूर्ण विषयों का कठिन प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
इसका उद्देश्य कैडेटों को इंटर ग्रुप प्रतियोगिता के लिए तैयार करना है, ताकि चयनित कैडेट 26 जनवरी 2027 को नई दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस परेड में भाग लेकर झारखंड का नाम रोशन कर सकें।
इस प्रशिक्षण में सूबेदार चंद्रहास, सूबेदार चंपा मुर्मू, सूबेदार ए.एन. हेंब्रम, सूबेदार शशि एवं सूबेदार जतरू तिर्की सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वहीं, शिविर के एनसीसी ऑफिसर सह डिप्टी कैंप कमांडेंट लेफ्टिनेंट संतोष कुमार ने कैडेटों को राष्ट्रीय एकता एवं नेतृत्व विषय पर महत्वपूर्ण व्याख्यान दिए।
उनके मार्गदर्शन में गर्ल्स कैडेट इंस्ट्रक्टर शिवानी शर्मा, एनसीसी ऑफिसर लेफ्टिनेंट राधिका, सेकंड ऑफिसर नवीन चौधरी, सेकंड ऑफिसर सत्यानंद एवं सेकंड ऑफिसर अनिल कुमार द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारी कराई जा रही है।
शिविर के सफल संचालन में बटालियन के प्रधान सहायक राजेश कुमार, सहायक रणधीर कुमार, सहायक सिद्धार्थ कुमार, सहायक दिग्विजय कुमार एवं एलडीसी रोहित कुमार सिंह अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
