Bhagalpur News: 47 बिहार NCC कैंप का भव्य समापन, कैडेट्स में दिखा जोश और देशभक्ति
फायरिंग, ड्रिल और फील्ड क्राफ्ट का दिया गया विशेष प्रशिक्षण
भागलपुर के बरौनी में 47 बिहार बटालियन एनसीसी द्वारा आयोजित 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का सफल समापन हुआ। इस शिविर में 500 कैडेट्स ने भाग लेकर सैन्य प्रशिक्षण, ड्रिल, फायरिंग और नेतृत्व कौशल सीखे।
भागलपुर। 47 बिहार बटालियन एनसीसी, भागलपुर के तत्वावधान में ओटीसी बरौनी में 06 से 15 अप्रैल 2026 तक 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (CATC-I) का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर में लगभग 500 कैडेट्स ने भाग लिया, जिनमें बड़ी संख्या में बालिकाएं भी शामिल रहीं।
शिविर का उद्घाटन एवं समापन कैम्प कमांडेंट कर्नल जितेन्द्र सिंह राना ने किया। उन्होंने कैडेट्स की ऊर्जा, समर्पण, अनुशासन, टीम भावना एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि आज की युवा शक्ति, विशेषकर बेटियां, देश के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं।

उन्होंने अपने ओजस्वी अंदाज में कविता, गीत, शेर-ओ-शायरी एवं संवाद के माध्यम से कैडेट्स में देशभक्ति का संचार किया। इस दौरान उन्होंने अपनी प्रसिद्ध पंक्तियां—
“हम भारत के हैं प्यारे, भारत हमको प्यारा है,
भारत कल भी हमारा था, भारत आज भी हमारा है।”
प्रस्तुत कर सभी को उत्साहित किया।
शिविर में इंदौर के विशेषज्ञ अंकित पाल द्वारा व्यक्तित्व विकास तथा दिल्ली के विशेषज्ञ रंजीत द्वारा करियर काउंसलिंग पर महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। व्यावहारिक ज्ञान के लिए कैडेट्स को सुधा डेयरी का औद्योगिक भ्रमण कराया गया। अग्निशमन विभाग द्वारा आग बुझाने का लाइव डेमो प्रस्तुत किया गया, वहीं ‘उड़ान’ टीम ने मानसिक स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण पर कक्षाएं संचालित कीं।
शिविर के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक एवं खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें ड्राइंग, सोलो एवं ग्रुप डांस, सोलो एवं ग्रुप सॉन्ग, खो-खो, बैडमिंटन, वॉलीबॉल, ड्रिल, म्यूजिकल चेयर एवं फायरिंग प्रतियोगिता शामिल थीं। नौवें दिन आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में कैडेट्स ने उत्कृष्ट प्रस्तुतियां दीं।
आगामी थल सैनिक कैंप (TSC) के लिए कैडेट्स का चयन एवं विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया। साथ ही सभी विषयों की लिखित परीक्षा एवं बाधा प्रशिक्षण तथा मानचित्र अध्ययन का अभ्यास कराया गया।
समापन समारोह के अवसर पर ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ का आयोजन किया गया तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 92 कैडेट्स को प्रमाण-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए। कर्नल जितेन्द्र सिंह राना के समापन संबोधन एवं राष्ट्रगान के साथ शिविर का भव्य समापन हुआ।
शिविर को सफल बनाने में सूबेदार जे.पी. सिंह, सूबेदार अनवर हुसैन, सीनियर जीसीआई कुमारी सीमा, सूबेदार रौशन कुमार, सूबेदार रमेश ठाकुर, नायब सूबेदार चिंतराम सहित सभी एएनओ, बीएचएम, हवलदार, दफादार, रसीलदार, नायक एवं जीसीआई प्रिया रानी, जीसीआई लीना चौधरी आदि की भूमिका सराहनीय रही।
