Koderma News: मिटको कॉलोनी में महिला की गला रेतकर हत्या, स्कूल से लौटे मासूम ने देखी मां की लाश
पुलिस ने माना हत्या का मामला, दोषियों को जल्द सलाखों के पीछे भेजने का संकल्प
कोडरमा थाना क्षेत्र की मिटको कॉलोनी में मंगलवार दोपहर एक महिला की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतका नेहा राज का पति शंभू राणा जब काम पर था, तब घर लौटे उनके बेटे ने मां का खून से लथपथ शव देखा। स्थानीय लोगों की मदद से उसे सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसडीपीओ अनिल सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है।
कोडरमा: थाना क्षेत्र के मिटको कॉलोनी से एक दिन दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां एक महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतक महिला की पहचान 30 वर्षीय नेहा राज पति शंभू राणा के रूप में की गई है। घटना की जानकारी देते हुए मृतका के पड़ोसी उमेश पंडित ने बताया कि मृतका का पुत्र स्कूल गया हुआ था और जब वह 12:30 बजे स्कूल से लौट कर जैसे ही घर पंहुचा और कमरे में प्रवेश किया वह जोर-जोर से चिल्लाने लगा और दौड़कर घर से बाहर आ गया।
उसकी चीख सुनकर आस-पास के लोग मौके पर पहुँचे जहाँ बच्चे ने बताया कि उसकी माँ के गले से खून बह रहा है और वह कुछ बोल नहीं पा रही है। जिसके बाद आसपास के लोगों ने इसकी सूचना उनके पति शंभु राणा को दी, जो अपनी फैक्ट्री से कॉपी पहुंचाने किसी दुकान पर गए हुए थे। शंभू को घटना की सूचना मिलते ही उसने बारी-बारी से इसकी सूचना अपने परिजनों और साथियों को दी कि वे जल्द से जल्द उसके घर पहुँचे । इधर सूचना मिलते ही शम्भू के मित्र उमेश पंडित सहित अन्य लोग शम्भू के घर पहुंचे। घर पहुंचकर वहां का दृश्य देखते ही उनके होश उड़ गए।
