Hazaribagh News: एसपी ने अपराध समीक्षा बैठक में सभी पुलिस अधिकारियों को दिए सख्त दिशा-निर्देश
उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को किया गया पुरस्कृत
हजारीबाग एसपी ने अपराध समीक्षा बैठक में महिला हिंसा और एससी-एसटी अत्याचार के मामलों को 60 दिनों के भीतर निपटाने का सख्त निर्देश दिया। साथ ही, आगामी बकरीद पर्व पर शांति व्यवस्था बनाए रखने और अवैध खनन व मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की रणनीति बनाई गई।
हजारीबाग: पुलिस अधीक्षक द्वारा जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक एवं थाना प्रभारियों के साथ अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कानून-व्यवस्था की स्थिति, लंबित मामलों के निष्पादन, आगामी बकरीद पर्व की सुरक्षा व्यवस्था तथा संगठित अपराध पर प्रभावी कार्रवाई को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए।
बैठक में एसपी ने बरही थाना क्षेत्र में हुई बैंक लूट कांड के सफल उद्भेदन में शामिल पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत किया। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को आगे भी प्रोत्साहित किया जाएगा। महिला प्रताड़ना, महिला हिंसा तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार से संबंधित मामलों को गंभीरता से लेते हुए एसपी ने निर्देश दिया कि ऐसे सभी मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए 60 दिनों के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

